February 20, 2026

महावीर जयंती पर मुख्यमंत्री और राज्यपाल ने प्रदेशवासियों को दी बधाई, शांति और सद्भाव का दिया संदेश

पटना। बिहार के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महावीर जयंती पर भगवान महावीर को नमन करते हुये राज्यवासियों एवं देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। आज भगवान महावीर जयंती के मौके पर जैन समुदाय की ओर से कई कार्यक्रम हो रहे हैं, तो वहीं पूरे बिहार में प्रशासन की ओर से आज मीट मछली की दुकानों को बंद रखने का निर्देश दिया गया है। राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने लोगों से भगवान महावीर के बताए रास्ते पर चलकर शान्ति, सद्भाव एवं विश्वास के रिश्ते को मजबूत करने की अपील की है। इस मौके पर अपने शुभकामना संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान महावीर का संदेश सत्य और अहिंसा का है। हम सब भगवान महावीर द्वारा बताये गये अहिंसा के मार्ग को अपनाने का संकल्प लें। सत्य और अहिंसा के रास्ते पर चलकर राज्य एवं देश में शान्ति, सद्भाव एवं विश्वास के रिश्ते को मजबूत करें। इसे में हमारी भलाई है।
राज्यपाल ने बिहारवासियों को दी शुभकामना
वहीं, राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर ने भगवान महावीर जयन्ती के पावन अवसर पर समस्त बिहारवासियों एवं देशवासियों, विशेषकर जैन समुदाय के बहनों एवं भाइयों को अपने शुभकामना संदेश में कहा है कि जैन धर्म के चौबीसवें तीर्थंकर महावीर स्वामी ने सत्य, अहिंसा, त्याग, संयम और अपरिग्रह का संदेश दिया। उनका जीवन और विचार हमारे लिए प्रेरणास्रोत है। हमें भगवान महावीर स्वामी द्वारा निर्दिष्ट मार्ग का अनुसरण कर सभ्य, शांतिपूर्ण एवं समतामूलक समाज के निर्माण का संकल्प लेना चाहिए, उन्होंने सत्य, अहिंसा, त्याग, संयम और अपरिग्रह का संदेश दिया है।

You may have missed