प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने चुनाव आयोग के मतदाता पुनरीक्षण की खामियों पर जारी किया कैंपेन वीडियो
पटना। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के मुख्यालय सदाकत आश्रम में आज बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम के नेतृत्व में बिहार कांग्रेस ने चुनाव आयोग के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन के नाम पर चलाएं जा रहे विशेष गहन अभियान की खामियों और भाजपा के मददगार बनने का आरोप लगाते हुए वीडियो संप्रेषण अभियान शुरू किया जिससे आम मतदाताओं तक चुनाव आयोग की खामियों और कुत्सित मंशा को पहुंचाने का काम बिहार कांग्रेस डिजिटल माध्यम से करेगी। कैंपेन वीडियो को संवाददाता सम्मेलन में लॉन्च करते हुए बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि चुनाव आयोग भाजपा की कठपुतली बनकर काम कर रही है और जब सरकार की नाकामियों के कारण आधा बिहार बाढ़ और बाकी पलायन का दंश झेलने को मजबूर है ऐसे में गहन पुनरीक्षण छलावा है। लगातार सदन से लेकर सड़क तक कांग्रेस पार्टी ने और उसके इंडिया गठबंधन से जुड़े सभी दलों ने संयुक्त रूप से विरोध दर्ज किया लेकिन चुनाव आयोग भाजपा के इशारे पर बिहार में उसे चुनावी लाभ के लिए लगातार इस प्रक्रिया को संचालित करती रही। जिन ग्यारह कागजातों की मांग की जा रही थी और जिनमें सबसे महत्वपूर्ण आधार और मतदाता कार्ड को अलग रखा गया वो चुनाव आयोग की मंशा स्पष्ट करने के लिए काफी थी। देश के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने संसद के बाहर SIR पर लोकतांत्रिक विरोध दर्ज किया बावजूद इसके सरकार ने सदन में चर्चा तक नहीं होने दिया वो निंदनीय है। इस वीडियो संदेश के माध्यम से हम चुनाव आयोग की गलत मंशा को आम जनता तक पहुंचाएंगे और दस से पंद्रह करोड़ लोगों तक उनके वोट चोरी करने की सरकार की मंशा को पहुंचाकर उन्हें जागरूक करेंगे। साथ ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि नोटबंदी, देशबंदी की तरह वोटबंदी भी सरकार की गलत नीति का परिणाम है। बिहार का बच्चा जन्म लेते ही राजनीतिक तौर पर सक्रिय होता है जिसे भाजपा नहीं समझ पा रही है। विधान सभा में दल के नेता डॉ शकील अहमद खान ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि चाल चरित्र और चेहरा, झूठ और प्रोपेगैंडा के बुनियाद पर सरकार चलाने वाली भाजपा बिहार में यह चोरी नहीं कर पाएगी, इसको लेकर कांग्रेस पार्टी बिहार की जनता को आश्वस्त करती है। भाजपा के इरादे का इल्म हमें हैं लेकिन हमारे जनहित के इरादे का ज्ञान भाजपा को नहीं है। कांग्रेस किसी भी हालत में शोषित, वंचितों और हमारे मतदाताओं के वोट की चोरी नहीं होने देगी। बिहार में सरकार, सदन के बाहर और सदन के अंदर गुंडाराज स्थापित कर रखी है। भाषा के स्तर पर भी सरकार ने मर्यादा गिरा दिया है और विपक्ष पर यह सरकार अपराधियों की तरह व्यवहार कर रही है। संवाददाता सम्मेलन का संचालन मीडिया विभाग के चेयरमैन राजेश राठौड़ ने किया।संवाददाता सम्मेलन में कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता डॉ शकील अहमद खान, विधान परिषद में दल के नेता डॉ मदन मोहन झा, महाराष्ट्र के विधायक हेमंत ओगले, नेशनल मीडिया पैनलिस्ट प्रेमचंद मिश्र, मीडिया विभाग के चेयरमैन राजेश राठौड़, विधायक छत्रपति यादव, अजय चौधरी, सौरभ सिंहा, नागेंद्र कुमार विकल, अंबुज किशोर झा, प्रद्युम्न यादव, पूर्व विधान पार्षद विनोद कुमार सिंह सहित अन्य नेतागण मौजूद रहें।


