मुंगेर में पैसे को लेकर ससुराल वालों ने महिला की पिटाई करने के बाद जिंदा जलाया

मुंगेर । गंगटा थाना क्षेत्र की बनाहरा पंचायत के महिमचक गांव में पैसे को लेकर महिला की जमकर पिटाई की। इसके बाद उसे जलाकर मार डाला। इस वारदात को अंजाम देने के बाद ससुराल वाले फरार हो गए। महिला की पहचान बनगामा गांव के राजेश कुमार सिंह उर्फ पन्ना सिंह की बेटी साक्षी देवी के रूप में की गई।

मायके वालों को जब घटना की सूचना मिली तब वे महिमचक गांव पहुंचे। बेटी का शव देखकर साक्षी के माता-पिता रोने लगे। पुलिस ने शव को बरामद कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।

पन्ना सिंह ने बताया कि साक्षी की शादी 29 मई 2014 को महिमाचक निवासी सुभाष चंद्र सिंह उर्फ पालो सिंह के बेटे प्रणय कुमार से हुई थी। साक्षी के दो बच्चे भी हैं। एक छह साल का और दूसरा 4 महीने का है।

साक्षी की मां सुनीता देवी ने बताया कि शादी के बाद से ही दामाद व साक्षी की सास उसे प्रताड़ित करती थी। तीन साल पहले उन्होंने जबरन साक्षी के नाम जमा एफडी तोड़कर डेढ़ लाख रुपये की निकासी कर ली थी। सारे पैसे हथियाने के बाद भी प्रणय कुमार और उसकी मां साक्षी की पिटाई करती थी।

परिजनों ने बताया कि प्रणय कुमार रांची में प्रेस में काम करता था। साक्षी को भी रांची ले गया था, लेकिन वहां भी उसकी पिटाई होती थी। कुछ दिन बाद उसने उसे अपने घर मुंगेर में लाकर छोड़ दिया था।

वहां भी सास-ससुर उसे प्रताड़ित करते थे। साक्षी का ननिहाल ससुराल से मात्र एक किलोमीटर की दूरी पर देवरिया गांव है। साक्षी अपने नानी घर में ही पली-बढ़ी थी।

इधर, घटना के बारे में स्थानीय लोगों ने बताया कि जलाने के पहले ससुराल वालों ने उसे पीटा था और उसके दांत भी तोड़ डाले थे।

साक्षी की मां ने दामाद प्रणय कुमार, ससुर सुभाष चंद्र सिंह, सास कृष्णा देवी, भैंसुर पंकज सिंह, देवर प्रवीण और देवरानी पर केस दर्ज किया है। पुलिस ने लाश को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

About Post Author

You may have missed