चुनाव से पहले कांग्रेस को छोड़ भाजपा में शामिल हुए बॉक्सर विजेंदर सिंह, पार्टी को लगा बड़ा झटका

नई दिल्ली। मुक्केबाज विजेंदर सिंह भाजपा में शामिल हो गए हैं। अब तक वह कांग्रेस के सदस्य थे और चुनाव भी लड़ चुके हैं। विजेंदर सिंह के भाजपा में शाामिल होने से पार्टी को दिल्ली से लेकर हरियाणा तक फायदे की उम्मीद है। वह हरियाणा के भिवानी के ही रहने वाले हैं औैर जाट समुदाय से आते हैं। ऐसे में भाजपा के खिलाफ जाटों की नाराजगी की जो चर्चाएं चलती हैं, उससे निपटने में पार्टी को मदद मिलने की उम्मीद है। विजेंदर सिंह ने 2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस जॉइन की थी और साउथ दिल्ली लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था। हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। विजेंदर सिंह ने किसान आंदोलन और दिल्ली में धरना देने वालीं महिला पहलवानों का समर्थन किया था। उन्होंने महिला पहलवानों का समर्थन करते हुए कहा था कि यदि इन्हें न्याय नहीं मिला तो फिर कैसे लोग अपनी बच्चियों को स्टेडियम में भेजेंगे और खेल में आगे बढ़ाएंगे। ऐसे में विजेंदर सिंह का भाजपा में आना उस पूरे नैरेटिव को बदलने वाला है। विजेंदर सिंह ने कहा कि भाजपा में आना मेरे लिए घर वापसी जैसा है। उन्होंने कहा कि इस सरकार में खिलाड़ियों को जो मान-सम्मान मिला है, वह अहम है। मैं चाहूंगा कि इस पार्टी में रहकर मैं खिलाड़ियों को सम्मान दिला सकूंगा। उन्होंने कहा कि आज जब हम विदेशों में खेलने जाते हैं तो अलग ही माहौल होता है। बता दें कि विजेंदर सिंह की भाजपा में एंट्री चौंकाने वाली है। दरअसल वह मंगलवार की रात तक राहुल गांधी के ट्वीट्स को रीट्वीट कर रहे थे। ऐसे में अचानक उनके भाजपा में शामिल होने की खबर कांग्रेस को भी चौंकाने वाली है। विजेंदर सिंह ने 2019 के आम चुनाव में दक्षिण दिल्ली सीट से चुनाव लड़ा था, लेकिन वह भाजपा के रमेश बिधूड़ी के मुकाबले हार गए थे। हरियाणा में भाजपा ने जननायक जनता पार्टी से गठबंधन तोड़ लिया है। इसके अलावा मुख्यमंत्री भी सैनी समाज से बनाया है। किसान आंदोलन और महिला पहलवानों के आंदोलन भी हुए हैं। इसके चलते हरियाणा में यह चर्चा थी कि भाजपा को जाटों की नाराजगी का सामना करना पड़ेगा, लेकिन विजेंदर सिंह जैसे नेता की एंट्री से भाजपा को उस नैरेटिव की काट करने में मदद मिलेगी। विजेंदर सिंह जाट समुदाय से आते हैं, जिसका हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में बड़ी संख्या में सीटों पर राजनीतिक प्रभाव है।

About Post Author

You may have missed