भाजपा विधानमंडल दल की बैठक : विधायकों के सम्मान से कोई समझौता नहीं, सत्रावधि में पूरी तैयारी के साथ लें चर्चा में भाग

पटना। भाजपा विधानमंडल दल की बैठक बुधवार को 5, देशरत्न मार्ग स्थित आवासीय परिसर में उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद की अध्यक्षता में हुई, जिसमें भाजपा के मंत्री, विधायक, विधान पार्षदों ने भाग लिया। बैठक में बजट सत्र के दौरान दोनों सदनों में चलने वाली कार्यवाही के व्यवस्थित एवं सुचारु संचालन पर चर्चा हुई।
बिहार के उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि बजट सत्र आगामी 31 मार्च तक चलेगा। इस सत्र के दौरान कुल 22 बैठक निर्धारित है। अब तक 8 बैठकें हो चुकी हैं। दो विभाग के अनुदान मांग पर सदन की सहमति प्राप्त हो चुकी है। शेष नौ अनुदान मांग होने बाकी हैं। वित्तीय वर्ष 2022-23 के अनुदान की मांग पर वाद-विवाद के साथ-साथ बजट का विनियोग विधेयक, राजकीय विधेयक एवं गैर सरकारी संकल्प सदन में आना है। उन्होंने कहा कि सत्रावधि में वाद-विवाद के दौरान विधान मंडल के सदस्य पूरी तैयारी के साथ चर्चा में भाग लें एवं सदन में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित कराते हुए सरकार के अच्छे कामों को अपने संबोधन में रखें।
उन्होंने कहा कि विधायकों की स्थानीय समस्याओं और कठिनाईयों के निराकरण हेतु पंचायत राज मंत्री के सम्राट चौधरी, भाजपा के महामंत्री एवं विधान पार्षद देवेश कुमार, सत्तारूढ़ दल के उप सचेतक जनक सिंह के स्तर से पार्टी के बिहार विधान मंडल के सदस्यों के साथ नियमित रूप से संवाद के कार्यक्रम तय किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि विधान मंडल के सदस्य केंद्रीय योजनाओं एवं बिहार में विभिन्न विभागों के स्तर पर किए जा रहे कार्यों एवं योजनाओं की जानकारी आम जनता को दें। हमारा प्रयास है कि मंत्रिमंडल के साथी जिस भी जिले में दौरे पर जाएं, स्थानीय विधायकों के साथ बैठक अवश्य करें एवं उनके स्थानीय समस्याओं के निराकरण हेतु सकारात्मक पहल करें।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि विधान मंडल के सदस्यों के मान-सम्मान के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं होगा। आज की बैठक में जिन सदस्यों ने जिन विषयों को साझा किया है, उसपर गंभीरता से विचार होगा। सरकार के स्तर से सकारात्मक पहल होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नगर विकास योजना, मुख्यमंत्री सेतु निर्माण योजना को शुरू करने एवं मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना के अंतर्गत कुछ आवश्यक संशोधन हेतु सरकार के स्तर से पहल की जाएगी।
वहीं बैठक को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री रेणु देवी ने कहा कि बिहार विधान मंडल के सभी सदस्य सरकार के अंग हैं। हमारी पार्टी की छवि औरों से अलग है। मर्यादा ही हमारी पहचान है। इसलिए हमें संयम से काम लेना चाहिए।
पूर्व मंत्री नंदकिशोर यादव ने कहा कि आगामी बिहार विधान परिषद् का चुनाव होना है। कार्यकर्ता उच्च मनोबल के साथ चुनाव में हिस्सा लें एवं एनडीए उम्मीदवार की जीत के लिए व्यक्तिगत मतभेदों को दूर करके पूरी ताकत से काम करें। उन्होंने सदस्यों से सदन के अंदर प्रतिपक्ष के विधायकों के साथ तकनीकी एवं रणनीतिक रूप से प्रतिकार करने कहा।
पूर्व मंत्री प्रेम कुमार ने कहा कि भाजपा के मंत्री जब भी जिला भ्रमण पर जाएं, स्थानीय विधायकों एवं प्रशासनिक पदाधिकारियों के साथ निश्चित रूप से संवाद करें। लोगों को सरकार की उपलब्धियों और कार्यक्रमों के विषय में जानकारी दें। उन्होंने बीस सूत्री कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति एवं अन्य विभागों की समिति, उप समिति, अनुमंडल स्तरीय अनुश्रवण समिति के यथाशीघ्र गठन हेतु कार्रवाई करने का अनुरोध किया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के महामंत्री एवं विधान पार्षद श्री देवेश कुमार ने कहा कि उत्तर प्रदेश चुनाव में कार्यकतार्ओं ने अच्छा काम किया है। उन्होंने बूथ स्तरीय समिति, पन्ना प्रमुख का गठन शीघ्र करने का अनुरोध किया।
भाजपा विधानमंडल दल की बैठक के दौरान पूर्व मंत्री नीतीश मिश्रा, विधान पार्षद नवल किशोर यादव, विधायक मिथिलेश कुमार, ललन कुमार, ई. शैलेंद्र कुमार, देवेश कांत सिंह, विनय बिहारी, लखेंद्र कुमार रौशन, राघवेंद्र प्रताप सिंह, पवन जायसवाल, रश्मि वर्मा ने पार्टी कार्यकर्ताओं और विधायकों के क्षेत्रीय प्राथमिकताओं पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया। बैठक के दौरान कई विधायकों ने मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना के तहत पुल-पुलिया, लाईट लगाने आदि व्यवस्था के लिए कुछ संशोधनों की ओर ध्यान आकृष्ट किया, ताकि विकास की गति तेज एवं जनापेक्षी हो सके।
बैठक के दौरान विधायक सुनील मणि तिवारी, प्रणव कुमार, विजय कुमार मंडल, विद्यासागर केसरी उर्फ मंचन केसरी, कृष्ण कुमार उर्फ मंटू सहित अन्य विधायक, विधान पार्षदों ने अपनी कठिनाईयों एवं क्षेत्रीय समस्याओं के विषय में अपने विचार रखे।

About Post Author

You may have missed