BIHAR : फरार नक्सली सहित तीन अपराधी गिरफ्तार, कारोबारी के घर डकैती डालने की थी योजना 

माओवादी गतिविधियों के साथ आपराधिक वारदातों को भी अंजाम देता रहा है गिरफ्तार पप्पू यादव, एक पिस्टल 2 कट्टा और गोलियां बरामद


मुंगेर। पुलिस अधीक्षक लिपि सिंह के निर्देश पर की गई कार्रवाई के दौरान फरार नक्सली पप्पू यादव को गिरफ्तार किया गया है। पप्पू यादव के साथ दो अपराधी भी गिरफ्तार हुए हैं। पप्पू की योजना बांका के बेलहर में एक व्यापारी के घर डकैती डालने की थी। डकैती डाले जाने की योजना से जुटे अपराधियों को तत्काल गिरफ्तार कर एक बड़ी वारदात को टाल दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि संग्रामपुर नहर के पास कुछ अपराधियों के जमावड़े की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद तारापुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पंकज कुमार के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया और संग्रामपुर नहर के पास अपराधियों के जमावड़े की सूचना मिलने के बाद छापामारी की गई। छापामारी के दौरान पप्पू यादव साकिन अमगढ़वा थाना बेलहर, चंदन कुमार भगत साकिन दरियापुर थाना गंगटा, श्याम सुंदर सिंह साकिर गढ़ी थाना बेलहर को गिरफ्तार किया गया। जबकि कुछ अपराधी भाग निकले। पप्पू यादव के पास से एक लोडेड देशी पिस्टल और 3 गोलियां, चंदन भगत के पास से एक देसी कट्टा एक गोली और श्याम सुंदर प्रसाद सिंह के पास से एक देसी कट्टा और दो गोलियां बरामद की गईं। पुलिस ने एक बाइक को भी जब्त किया है। पुलिस को देखकर कुछ अपराधी दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार होकर भाग निकले। पूछताछ में चंदन भगत द्वारा अवैध तरीके से हथियार बनाए जाने की सूचना मिली। चंदन भगत के दरियापुर स्थित आवास पर अवैध तरीके से हथियार बनाए जाने की जानकारी मिलने के बाद वहां भी छापामारी की गई। छापामारी में हथियार बनाने के कुछ उपकरण बरामद किए गए हैं। घर में तहखाना बनाकर हथियार बनाए जा रहे थे। संग्रामपुर थाना द्वारा गिरफ्तार तीनों अपराधियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

गिरफ्तार पप्पू यादव रहा है नक्सली, डकैती की घटनाओं में भी रहा है शामिल : गिरफ्तार पप्पू यादव नक्सली गतिविधियों में भी शामिल रहा है। पूर्व में जेल जाने के दौरान बहादुर कोड़ा से उसकी मित्रता हुई थी और उसके संपर्क में आने के बाद वह भी माओवादी संगठन में शामिल हो गया था। मुंगेर पुलिस अधीक्षक लिपि सिंह ने बताया कि गिरफ्तार पप्पू यादव पर जमुई के लक्ष्मीपुर थाना और मुंगेर जिला के खड़गपुर थाना में नक्सली वारदात को अंजाम देने की प्राथमिकी दर्ज थी। जमुई के लक्ष्मीपुर थाना में पिछले साल 15 नवंबर को इसके खिलाफ दर्ज की गई थी। वहीं बीते 10 अगस्त को एसटीएफ के साथ हुई मुठभेड़ की घटना का भी यह प्राथमिकी नामजद अभियुक्त है। बांका के बेलहर में भी इसने कई आपराधिक वारदातों को अंजाम दिया था। इस साल बांका के बेलहर में सड़क डकैती की दो वारदातों को इसने अंजाम दिया था। इस बार भी यह बेलहर में ही कि एक कारोबारी के यहां डकैती डालने की मंशा से अपने साथियों के साथ जुटा था लेकिन पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में इसकी योजना विफल हो गई। गिरफ्तार अपराधी पप्पू यादव के खिलाफ दस से अधिक मामले दर्ज हैं। पूछताछ में इसमें माओवादी गतिविधियों में शामिल रहने की बात स्वीकार की और कहा है कि 2016 में जब यह जेल गया था तब इसका संपर्क बहादुर कोड़ा एवं दूसरे नक्सलियों से हुआ था और जेल से बाहर आने के बाद जमुई-खड़गपुर एरिया में माओवादी वारदातों में शामिल रहा। बांका के बेलहर में अधिकलाल यादव की हत्या में इसने अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

चंदन भगत रहा है हथियार सप्लायर, बैंक में चोरी की घटना में भी रहा है शामिल : पुलिस द्वारा गिरफ्तार चंदन भगत का भी आपराधिक इतिहास रहा है। कई साल पहले इसने टेटियाबंबर इलाके में बैंक चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। अपने घर पर ही यह मिनी गन फैक्ट्री का संचालन करता है। घर के किचन में तहखाना बनाकर अवैध तरीके से हथियार बनाता है। गिरफ्तार चन्दन भगत मुंगेर-बांका के अपराधियों के अलावा माओवादी संगठन को भी समय-समय पर हथियार की आपूर्ति करता है तथा उनके हथियारों की मरम्मत भी करता है। गंगटा और खडगपुर थानाध्यक्षों ने गंगटा थाना के दरियापुर गांव में चंदन भगत के घर पर छापामारी कर मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन किया है। गंगटा थाना में इसके खिलाफ तीन मामले दर्ज हैं।

मुंगेर और बांका का सिर दर्द था गिरफ्तार पप्पू यादव, गिरफ्तारी बड़ी सफलता : गिरफ्तार पप्पू यादव मुंगेर और बांका जिलों की पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था। मुंगेर से ज्यादा बांका पुलिस को इसकी तलाश थी। बांका, जमुई और खड़गपुर क्षेत्र में माओवादी संगठन के लिए सूचना संकलन, हथियारों की व्यवस्था तथा लेवी वसूलने में इसकी बड़ी भूमिका रहती थी। टारगेट को चिन्हित कर उसको डरा धमका कर लेवी वसूलना इसका मुख्य कार्य था। इसके अलावा यह कॉन्ट्रैक्ट किलर का भी काम करता था। बालू के अवैध कारोबार में भी इसने पांव पसारा था। पप्पू यादव की गिरफ्तारी मुंगेर पुलिस के लिए एक बड़ी सफलता है तथा इसकी गिरफ्तारी से आपराधिक गतिविधियों और अवैध बालू खनन में कमी आएगी, साथ ही माओवादी संगठन को भी एक झटका लगा है।

About Post Author

You may have missed