बिहार में आम आदमी पार्टी का चलेगा सदस्यता अभियान, पटना से होगी कार्यक्रम की शुरुआत

पटना। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की लोकप्रियता भारत में दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है। इसका नतीजा यह है कि आम आदमी पार्टी ने अब तक के सर्वश्रेष्ठ बहुमत से पंजाब में अपनी सरकार बनाई। पंजाब में मिली इस प्रचंड जीत के बाद अब आम आदमी पार्टी भारत के अन्य राज्यों में अपने संगठन को मजबूत करने की कवायद में लगा हुआ है। बीते दिनों आम आदमी पार्टी ने हिमाचल प्रदेश में अपना सदस्यता अभियान को शुरू किया है जबकि अब आम आदमी पार्टी अपने संगठन को मजबूत करने के लिए बिहार में भी सक्रिय दिख रही है। मिली जानकारी के मुताबिक आम आदमी पार्टी बिहार की राजधानी पटना में सदस्यता अभियान कार्यक्रम की शुरुआत करेगी। इस अभियान का उद्देश्य राजधानी पटना के अधिक से अधिक लोगों को अपने संगठन के साथ जोड़ना तथा पार्टी के विजन के बारे में लोगों को जानकारी देना है।

बताया जा रहा हैं की सदस्यता अभियान को ध्यान में रखकर पार्टी ने अपने जिला एवं प्रदेश इकाई के सक्रिय सदस्यों के साथ जूम एप के जरिए रविवार को बैठक की। पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि सदस्यता अभियान की शुरुआत प्रदेश स्तर पर जिला एवं प्रदेश पर्यवेक्षकों के मार्गदर्शन में की जाएगी। अगले सप्ताह एक कॉमन टॉल फ्री नंबर भी जारी किया जाएगा। प्रदेश मीडिया समन्वयक राजेश सिन्हा ने बताया कि बैठक में मुख्य रूप से प्रदेश के मुख्य प्रवक्ता डॉ. शशिकांत, प्रदेश प्रवक्ता गुलफिशा युसूफ, हेमनारायण विश्वकर्मा, मो. तुफाइल, वीपी सिंह, डॉ. पंकज गुप्ता, रागिनीलता सिंह, उमा शंकर गुप्ता, अशोक सिंह आदि शामिल थे।

You may have missed