बाहुबली विधायक अनंत सिंह के आत्मसमर्पण को लेकर बाढ़ कोर्ट परिसर पुलिस छावनी में तब्दील, चप्पे-चप्पे पर पैनी नजर
पटना/बाढ़। मोकामा के निर्दलीय बाहुबली विधायक अनंत सिंह के पैतृक घर बाढ़ के लदमा से प्रतिबंधित हथियार एके-47, 2 हैंड ग्रेनेड और भारी मात्रा में कारतूस की बरामदगी के बाद खुद की गिरफ्तारी के डर से भूमिगत हुए विधायक अनंत सिंह को पकड़ने के लिए पटना पुलिस ने जाल बिछाया हुआ है। पटना पुलिस अनंत सिंह का सुराग पाने के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर रही है। वही पटना पुलिस की कार्रवाई को लेकर अनंत सिंह की बाढ़ कोर्ट में आत्मसमर्पण करने की संभावना को देखते हुए बाढ़ कोर्ट परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। पूरे कोर्ट परिसर में वर्दी और बिना वर्दी के पुलिसकर्मी चप्पे-चप्पे पर पैनी निगाह रखे हुए हैं। वहीं दूसरी ओर अनंत सिंह गिरफ्तारी और उनके करीबी लल्लू मुखिया की कुर्की जब्ती वारंट कोर्ट से लेने के लिए एएसपी लिपि सिंह के बाढ़ कोर्ट आने की संभावना है।


