August 18, 2026

बड़ी खबर:-मधुबनी में पत्रकार को अपराधियों ने गोली मारी,दो संदिग्ध हिरासत में

मधुबनी।बिहार के मधुबनी जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है।एक दैनिक समचारपत्र के पत्रकार को अपराधी द्वारा गोली मार दी गई है। मधुबनी जिले के पंडौल थाने के हाटी निवासी प्रदीप मंडल (24) जो दैनिक जागरण के संवाददाता हैं, को रविवार रात मोटरसाइकिल सवार अपराधियों ने गोली मार दी। वे गंभीर रूप से जख्मी हो गए। पंडौल में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें डीएमसीएच रेफर कर दिया गया।

जख्मी पत्रकार के साथ डीएमसीएच पहुंचे सकरी थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने कहा कि पंडौल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।वारदात के कारणों का अभी पता नहीं चला है। इस बीच मधुबनी के एसपी सत्यप्रकाश ने कहा कि दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। पंडौल पुलिस छापेमारी कर रही है।

 

डीएमसीएच में मौजूद प्रदीप के चचेरे भाई संतोष मंडल, पड़ोसी जीवनाथ झा और नित्यानंद झा ने कहा कि वे पंडौल प्रखंड मुख्यालय से हाटी गांव जा रहे थे। इसी दौरान सरिसवपाही गांव में रामेश्वर झा के घर के पास मोटरसाइकिल सवार दो अपराधियों ने प्रदीप को गोली मार दी। कुछ देर बाद प्रदीप स्थानीय जीवनाथ झा की दुकान के पास पहुंचे और अस्पताल पहुंचाने के लिए मदद मांगने लगे।हंगामा सुनकर लोग जुटे। इसके बाद प्रदीप को पंडौल पीएचसी लाया गया, जहां से रेफर कर दिया गया। डीएमसीएच में उनका ऑपरेशन किया गया। चिकित्सक ने बताया कि पेट में एक गोली फंसी थी। सूचना के बाद दरभंगा से प्रदीप मंडल के पिता ललन मंडल भी डीएमसीएच पहुंचे।

You may have missed