September 19, 2026

PATNA : दानापुर में नगर परिषद उपाध्यक्ष दीपक मेहता की हत्या के बाद आक्रोशितों ने थाना का घेराव कर किया प्रदर्शन

दानापुर। जदयू नेता एवं दानापुर नगर परिषद् के उपाध्यक्ष दीपक मेहता की हत्या से गुस्साए लोगों ने दानापुर में जुलुस निकालकर विरोध प्रदर्शन किया, साथ ही पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजियां भी की। बाद में ये जुलुस दानापुर थाना पहुंची जहां पर पहले से मौजूद पुलिस बल ने उन्हें रोक दिया। पुलिस बल के रोके जाने से नाराज लोगों ने पुलिस के सामने ही पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजियां शुरू कर दी। काफी देर तक थाना के पास हंगामा सी स्थिति बन गयी, बाद में पुलिस प्रशासन के समझाने के बाद लोगों का जुलुस शांतिपूर्ण तरीके से नगर भ्रमण के लिए निकल गयी।
मिली जानकारी के अनुसार, दानापुर के नगर उपाध्यक्ष दीपक मेहता की हत्या के बाद लोगों का उबाल सड़क पर फूट पड़ा है। सोमवार की रात भर सड़क जाम के बाद मंगलवार को सुबह से ही ग्रामीण सड़क पर उतर पड़े। जिससे पूरा बाजार बंद रहा। दानापुर के लोगों में इस बात का लेकर जमकर आक्रोश था कि इलाके में पुलिस पूरी तरह अपराध को रोकने में फ्लॉप साबित हो रही है। सुबह से ही लोगों ने दानापुर-पटना मुख्य मार्ग को पूरी तरह ठप कर दिया। लोगों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस के आला अधिकारी भी उनके नजदीक जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे। आक्रोशित लोगों की भीड़ मंगलवार को अचानक थाना के नजदीक पहुंची और थाना का भी घेराव करना शुरू कर दिया। कुछ लोगों के समझाने बुझाने के बाद लोग थाना का घेराव छोड़कर सड़क पर आ गए। लोगों के गुस्से का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि मंगलवार को पूरा बाजार बंद रहा।

You may have missed