उपमुख्यमंत्री ने बिहार दिवस पर कहा : स्वर्णिम बिहार के नव निर्माण के संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाएंगे

पटना। बिहार दिवस के अवसर पर गांधी मैदान में आयोजित कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी, भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी ने संयुक्त रुप से गुब्बारा उड़ाकर कार्यक्रम की शुरूआत की।
इस अवसर पर अपने संबोधन के दौरान उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने सभी बिहारवासियों को बिहार दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी एवं कहा कि बिहार वर्ष 1912 में पृथक राज्य के रूप में अस्तित्व में आया। बिहार से ही संपूर्ण विश्व में ज्ञान और विज्ञान का प्रकाश फैला। यहां से बुद्ध और महावीर ने पूरी दुनिया को ज्ञान का संदेश दिया। विश्व प्रसिद्ध नालंदा विश्वविद्यालय ज्ञान का केंद्र रहा। आर्यभट्ट, चाणक्य जैसे विद्वानों की धरती हमारे बिहार का इतिहास गौरवपूर्ण एवं समृद्ध रहा है।
उन्होंने सीएम नीतीश कुमार के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि बिहार सरकार ने धूमिल और विलुप्त हो रही कई चीजों को संरक्षित एवं संवर्द्धित करने का काम शुरू किया है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री के आह्वान पर प्रत्येक वर्ष बिहारी अस्मिता और गौरव के लिए उद्घोष के साथ राजकीय समारोह के रूप में बिहार दिवस का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि बिहार दिवस का आयोजन अब संस्थागत स्वरूप ले चुका है।

उन्होंने कहा कि इस वर्ष बिहार दिवस के अवसर पर जल-जीवन-हरियाली का थीम रखा गया है। उन्होंने कहा कि जल-जीवन-हरियाली अभियान के माध्यम से मुख्यमंत्री के कुशल मार्गदर्शन में कार्य योजना पर काम चल रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम भी आने शुरू हो गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिस आत्मनिर्भर भारत का संकल्प लिया है, उसमें बिहार अग्रणी भूमिका निभाने वाला है। हम लोग यशस्वी बिहार के गौरवशाली अतीत के मजबूत बुनियाद पर स्वर्णिम बिहार के नवनिर्माण के संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाएंगे।
इस अवसर पर मंत्री मदन सहनी, शीला कुमारी, मुख्यमंत्री के परामर्शी अंजनी कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव आमिर सुबहानी, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अपर मुख्य सचिव ब्रजेश मेहरोत्रा, शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय कुमार, नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव आनंद किशोर, विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव, सचिव गण, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, विधायक, प्रमंडलीय आयुक्त, जिलाधिकारी, शिक्षा विभाग के क्षेत्रीय अधिकारी एवं अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।