PATNA : विधानसभा अध्यक्ष ने आरके सिन्हा के आवास पर पांच ‘नैतिक संकल्प अभियान’ के शिलापट्ट का किया उद्घाटन

पटना, (अजीत)। भारत के राष्ट्रपति महामहिम रामनाथ कोविंद द्वारा शुभारंभ किए गए ‘नैतिक संकल्प अभियान’ के तहत सोमवार को बिहार विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा ने भाजपा के संस्थापक सदस्य एवं पूर्व सांसद आरके सिन्हा के आवास में शिलापट्ट का उद्घाटन कर उन्हें इस अभियान में सम्मिलित किया और उन्हें सामाजिक नैतिक संकल्प अभियान की पुस्तिका और बिहार विधानसभा भवन शताब्दी समारोह स्मारिका भेंट की।
विधानसभा अध्यक्ष श्री सिन्हा ने कहा कि ये पांच नैतिक संकल्प का सभी को पालन करना चाहिए। इस संकल्प के माध्यम से ही हम बिहार और राष्ट्र दोनों की तरक्की कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि आर के सिन्हा तो इस अभियान में पहले से ही कार्य कर रहे हैं, जिसके तहत उन्होंने ढाई लाख से ज्यादा लोगों को रोजगार दे रखा है, आज उन्हें सिर्फ औपचारिक रूप से इस अभियान से जोड़ा गया है।
इस अवसर पर आरके सिन्हा ने संकल्प लिया कि हमारा परिवार ‘पांच सामाजिक अभिशापों से मुक्त, पांच सामाजिक वरदानों से युक्त तथा पांच सामाजिक सम्मानों से पूर्ण’ होगा और इस अभियान से जुड़ने के लिए अधिक से अधिक लोगों को प्रेरित करूंगा।
इस कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि दीघा विधायक संजीव चौरसिया, पूर्व मंत्री नरेन्द्र सिंह, बिहार हिंदी साहित्य सम्मेलन के अध्यक्ष अनिल सुलभ उपस्थित रहे। इसके पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विशिष्ट अतिथियों का स्वागत मंडल अध्यक्ष धर्मेन्द्र, राजेश मुखिया, सतीश राजू, संजय राय, रणवीर, अभिषेक बिन्नी, मनीषा चौरसिया, वीरेन्द्र सहित कई प्रमुख कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया।
