तेजस्वी ने महिला दिवस पर कहा- ए टू जेड के सिद्धांत पर सभी महिलाओं को पार्टी से जोड़ने की आवश्यकता, संगठन में मिलेगा उचित स्थान

- ‘सत्ता में महिलाओं की समुचित भागीदारी’ पर विचार गोष्ठी का आयोजन
पटना। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राजद महिला प्रकोष्ठ की ओर से ‘सत्ता में महिलाओं की समुचित भागीदारी’ पर विचार गोष्ठी आयोजित किया गया। जिसका उद्घाटन नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने किया। वहीं गोष्ठी की अध्यक्षता प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष उर्मिला ठाकुर और संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष महिला प्रकोष्ठ अनीता भारती ने की। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानन्द सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवानंद तिवारी, प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्षा डॉ. कांति सिंह, राष्ट्रीय महासचिव श्याम रजक, प्रदेश उपाध्यक्ष वृषिण पटेल, डॉ. तनवीर हसन, सुरेश पासवान, शिवचन्द्र राम, पूर्व विधायक प्रेमा चौधरी, शक्ति सिंह यादव, आजाद गांधी, प्रवक्ता चितरंजन सहित महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश पदाधिकारी एवं जिलाध्यक्ष उपस्थित थे।
सभा को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि चाहे कोई भी क्षेत्र हो महिलाएं हमेशा आगे रहती हैं। राजनीति के क्षेत्र में भी अब महिलाएं बढ़-चढ़कर भाग ले रही हैं, यह अच्छा संकेत है। हमारी माता राबड़ी देवी बिहार की पहली मुख्यमंत्री बनी, यह हमारे लिए और बिहार के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि महिला प्रकोष्ठ की और से पार्टी को मजबूत करने का अभियान चलाने की आवश्यकता है और इसके लिए जो सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है, उसमें पार्टी के ए टू जेड के सिद्धांत के अनुसार सभी महिलाओं को जोड़ने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जो पार्टी के लिए महिलाएं काम कर रही हैं, उन्हें पार्टी संगठन में और महत्वपूर्ण पदों पर समय आने पर प्रतिनिधित्व दिया जाएगा। गत विधानसभा चुनाव में हमने जितने महिलाओं को टिकट दिया सभी जीतकर विधानसभा पहुंची और उनका प्रतिनिधित्व विधानसभा में दिख रहा है।
तेजस्वी ने आगे कहा कि बिहार में महिलाओं पर अत्याचार तथा शोषण की घटनाओं में वृद्धि हुई है और नीतीश के शासनकाल में मुजफ्फरपुर बालिका गृह कांड और अब गायघाट गृह कांड से पूरा बिहार शर्मसार हुआ है। इन घटनाओं को लेकर पार्टी ने पटना से लेकर दिल्ली तक आंदोलन किया और इस मामले में जो भी लिप्त रहे हैं उनको अंजाम तक पहुंचाने में सफल भी रहे हैं। लेकिन अभी भी उन बड़े लोगों को सरकार बचाने में लगी हुई है, जिनके संबंध में बालिकाओं ने बताने का काम किया था ऐसे लोगों को भी अंजाम तक पहुंचाने के लिए राजद कृत संकल्पित है।
इस दौरान तेजस्वी ने महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. कांति सिंह को जन्मदिन की बधाई केक काटकर सामुहिक रूप से दी। इस अवसर पर महिला प्रकोष्ठ की बुसरा शाहीन, रागिनी रानी, चन्द्रावती देवी, रूबी कुमारी दास, उर्मिला सिंह, रामदुलारी देवी, हीरामणी तांती, काजल कुमारी, विमला भारती, सुचीत्रा चैधरी, प्रो. राजमणि, उर्मिला यादव, मुन्नी रजक सहित सैंकड़ों की संख्या में पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष व कार्यकर्ता उपस्थित थीं।
