February 19, 2026

PATNA : आज होगा विधानसभा में प्रबोधन कार्यक्रम का आयोजन, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला करेगें शिरकत

पटना। बिहार विधानसभा में आज प्रबोधन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस प्रबोधन कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के विधायकों को संसदीय कार्यप्रणाली के बारे में प्रशिक्षित किया जाता है। प्रबोधन कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला शामिल होंगे। आज सुबह ओम बिड़ला दिल्ली से पटना पहुंचेंगे। पटना एयरपोर्ट पर सुबह 9 बजे उनका आगमन होगा और आज शाम ही वह 6:40 बजे पटना से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। विधानसभा के प्रबोधन कार्यक्रम में राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश के साथ-साथ बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और बिहार विधान सभा के अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा भी शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में बिहार के सभी विधायक विधान पार्षद और लोकसभा सदस्यों को आमंत्रण दिया गया है। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11 बजे बिहार विधान मंडल के नए सेंट्रल हॉल में होगी। लोकतंत्र की यात्रा में विधायकों की भूमिका और जवाबदेही को लेकर कुल 2 सत्रों में 6 घंटे तक प्रबोधन कार्यक्रम चलेगा।

बिहार विधानसभा के पहले सत्र में इन नेताओ का होगा संबोधन

पहले सत्र में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा के साथ साथ कुल 10 लोगों का संबोधन होगा। विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा के मुताबिक राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, उपमुख्यमंत्री तार किशोर प्रसाद और रेणु देवी के साथ-साथ बिहार विधान परिषद के कार्यकारी सभापति अवधेश नारायण सिंह और लोकसभा के महासचिव उत्पल कुमार सिंह प्रबोधन कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। दूसरा सत्र लंच आवर के बाद 3 बजे से शुरू होगा जो 6:20 बजे तक चलेगा।

दूसरे सत्र को कई केंद्रीय मंत्री करेगें संबोधित

दूसरे सत्र को कई केंद्रीय मंत्री संबोधित करने वाले हैं। इसमें केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, अश्विनी कुमार चौबे के अलावे पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद रविशंकर प्रसाद, राजीव प्रताप रूडी और बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष महेश्वर हजारी संबोधित करेंगे। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला की आगमन को लेकर एयरपोर्ट से लेकर राजभवन व विस तक मजिस्ट्रेट और पुलिसबल की तैनाती की गई है। बुधवार को उनके कारकेड का रिहर्सल किया गया। लोकसभा अध्यक्ष सुबह 9 बजे एयरपोर्ट पहुंचेंगे, उसके बाद राजभवन जाएंगे। यहां से वे 10 बजे विस में होने वाले कार्यक्रम में पहुंचेंगे।

You may have missed