खबरें फतुहा की : मकान में आग लगने से लाखों का नुकसान, श्रद्धालुओं ने लगायी डुबकी, चिराग का भव्य स्वागत

प्लास्टिक के कचरे की वजह से मकान में लगी आग, लाखों का नुकसान
फतुहा। बीते मंगलवार की रात रुकुनपुर गांव स्थित एक मकान में अचानक आग लग गई। आग लगने की घटना से पूरे गांव में अफरा तफरी मच गई। घर बंद था तथा घर में प्लास्टिक के कचरे रखे हुए थे। कचरे की वजह से आग पूरे घर में फैल गयी और देखते ही देखते आग बेकाबू हो गयी। पहले ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की लेकिन आग पर काबू नहीं पा सके। इसके बाद फायर बिग्रेड को सूचना दी गई। उसके बाद फायर बिग्रेड के जवानों ने करीब दो घंटे के मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक घर में रखे सामान जलकर खाक हो गय थे। प्लास्टिक के कचरे भी राख में तब्दील हो गए। आग बीते रात्रि कब लगी, यह स्पष्ट नहीं हो सका। लेकिन शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जाहिर की जा रही है। इस घटना से लाखों का नुकसान होने की संभावना जताई गयी है।
मकान मालिक रंधीर कुमार के मुताबिक, वह इस घर से प्लास्टिक के कचरे का व्यवसाय करते थे। बीती रात्रि वह घर को बंद कर आराम करने के लिए पारिवारिक मकान में चले गए थे। करीब एक बजे उन्हें सूचना मिली कि घर में आग लग गयी है। पीड़ित घर मालिक ने फायर बिग्रेड फतुहा स्टेशन प्रभारी के पास लिखित शिकायत दर्ज करायी है।

माघी पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं ने लगायी आस्था की डुबकी


फतुहा। बुधवार को माघी पूर्णिमा के अवसर पर नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न घाटों पर हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगायी। गंगा स्नान का दौर अहले सुबह से लेकर दोपहर बाद तक जारी रही। गंगा स्नान को लेकर त्रिवेणी घाट, मस्ताना घाट व दरियापुर स्थित कटैयाघाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ सुबह से ही दिखने लगी थी। गंगा स्नान को लेकर जहां आसपास के लोगों ने स्नान किया। वहीं नालंदा जहानाबाद, नवादा व गया जिले के भी श्रद्धालु गंगा में स्नान किया। स्नान के बाद घाट किनारे बनी मंदिरों में श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना कर दान-पुण्य किया। गंगा स्नान को लेकर दिनों भर बाजार में चहल-पहल बनी रही। किसी अनहोनी से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन बल भी तैनात दिखे।

चिराग पासवान का कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत


फतुहा। बुधवार को फोरलेन ओवरब्रिज के पास पटना से मोकामा जाने के क्रम में लोजपा (राम विलास) के कार्यकर्ताओं ने सासंद चिराग पासवान का भव्य स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने टूटे लोहा पुल की स्थिति की जानकारी देते हुए उसे बनवाने के लिए एक ज्ञापन भी सौंपा। इस संदर्भ में उन्होंने केन्द्रीय मंत्री से बात कर बनवाने का आश्वासन दिया। इस मौके पर कार्यकर्ताओं में रंजीत यादव, महेंद्र पासवान, राजु कुमार, सोनू कुमार, मनीष कुमार, मंटु कुमार समेत कई लोग मौजूद थे।

You may have missed