February 23, 2026

खबरें फतुहा की : फोरलेन पर दुकानदार से लूटपाट, छह दुकानों में चोरी

फोरलेन पर बाइक सवार अपराधियों ने दुकानदार से की लूटपाट
फतुहा। बीते सोमवार की रात बाइक सवार अपराधियों ने पटना के भिखुआ गांव के पास फोरलेन पर टाइल्स दुकानदार से हथियार के बल पर बाइक, लैपटॉप, सीसीटीवी कैमरा तथा मोबाइल फोन लूट लिए। इस संदर्भ में पीड़ित व्यवसायी संजू कपूर ने थाने में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी है।
बताया जाता है कि पुरानी चौक निवासी संजू कपूर का हिलसा में टाइल्स दुकान है। बीते सोमवार की रात करीब पौने नौ बजे पीड़ित बाइक द्वारा पटना से अपने घर फतुहा पुरानी चौक लौट रहे थे, तभी भिखुआ गांव के पास बाइक पर सवार दो अपराधियों ने उसे ओवरटेक कर रोक लिया तथा घेराबंदी करते हुए हथियार के बल पर बाइक, मोबाइल फोन, लैपटॉप व सीसीटीवी कैमरे छीन लिए। पीड़ित के मुताबिक दोनों बाइक सवार अपराधी पटना की ओर फरार हो गए। पीड़ित ने थाना को इस बात की जानकारी बीते रात ही दी थी। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची भी लेकिन अपराधियों का कोई सुराग नहीं मिला। वहीं पीड़ित ने मंगलवार की सुबह दोनों अज्ञात अपराधियों के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज करायी है।

चोरों ने एक ही रात में छह दुकानों को बनाया निशाना, हजारों रूपये उड़ाए
फतुहा। अभी छोटी लाइन बाजार स्थित मोबाइल दुकान से लाखों की चोरी का मामला ठंडा भी नहीं हुआ था कि बीते सोमवार की रात्रि मोबाइल दुकान से थोड़ी ही दूरी पर स्थित शीशामील मुहल्ले में चोरों ने एक साथ छह दुकानों को निशाना बनाते हुए हजारों की चोरी कर ली। नगर परिषद कार्यालय के समीप स्थित इन दुकानों का ताला तोड़कर व सेंधमारी कर चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया है। शिवनंदन प्रसाद के कृषि भंडार दुकान से 15 सौ, राजेश कुमार के चुल्हा रिपेयरिंग दुकान से 36 सौ, सुनील कुमार के दाल दुकान से 5 हजार, होम्योपैथिक चिकित्सक के क्लिनिक से 66 सौ, ललन कुमार के छोटी दुकान से 6 हजार तथा सोनम देवी की परचुन दुकान से 22 सौ रुपए की चोरों ने चोरी कर ली। इन सभी दुकानदारों को चोरी की घटना की जानकारी तब हुई जब सभी दुकानदार मंगलवार की सुबह अपनी-अपनी दुकान खोलने पहुंचे। हैरत की बात यह है कि चोरों द्वारा दी गई इस घटना के विरुद्ध किसी दुकानदार ने थाने में शिकायत दर्ज नहीं करायी। विदित हो कि बीते रविवार की रात्रि ही छोटी लाइन बाजार स्थित एक मोबाइल दुकान की कुंडी तोड़कर चोरों ने बीस हजार रुपए नकद समेत करीब डेढ़ लाख रुपए की मोबाइल फोन चोरों ने चोरी कर ली थी।

You may have missed