PATNA : दो महिला ठगों ने नोट के आकार में कटे कागज के टुकड़े झोले में डाल उड़ाए हजारों रूपये

बिहटा। पटना के बिहटा में बैंक में रूपये जमा करने आई एक महिला को नोटों के आकार वाली कागज की गड्डी थमाकर दो महिला ठगों ने हजारों रुपये गायब कर दिए। बाद में जब महिला की नजर गड्डी पर पड़ी तो वह दहाड़े मारकर रोने लगी। वह महिला ठगों को खोजने के लिए इधर से उधर भागती रही। लेकिन कोई पता नहीं चला। इसके बाद वह थाने पहुंची। पुलिस भी उसके साथ ठगों की तलाश की लेकिन वे फरार हो चुके थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिहटा थाना क्षेत्र के मुस्लिम राघोपुर गांव निवासी सोनू राम की पत्नी रामवती देवी का बिहटा बाजार स्थित बैंक आफ इंडिया में खाता है। वह बुधवार को बैंक में जमा करने के लिये 21 हजार रुपये झोले में रखकर घर से निकली थी। बैंक गेट पर उसे दो महिलाएं मिल गईं। वह उन्हें पहचानती नहीं थी। लेकिन उनमें से एक महिला ने बताया कि इस बैंक में उसका खाता नहीं है। उसने एक गड्डी निकाली, गड्डी में पांच सौ रुपये दिख रहे थे। ये पैसे अपने खाते में जमा करने की गुहार लगाने लगी। वह कुछ समझती इससे पहले दूसरी महिला ने वह गड्डी लेकर रामवती के झोले में डाल दिया। इसके बाद वे दोनों चली गई।
रामवती बैंक में पैसा करने लिए पर्चा भरने के बाद जब पैसे निकालने के लिए झोले में हाथ डाला तो उसमें गड्डी तो थी लेकिन उसने जो पैसे रखे थे, वह गायब थे। उसने इसके बाद गड्डी निकालकर देखा तो उसके होश उड़ गए। गड्डी पर दोनों ओर पांच सौ के एक-एक नोट थे लेकिन बीच में उसी आकार में कटे कागज के टुकड़े थे। इसके बाद उसके पैरों तले जमीन ही खिसक गई। वह महिला ठगों को पकड़ने के लिए बैंक से बाहर भागी लेकिन उनका कोई अता पता नहीं था। पीड़िता वहीं बिलख-बिलखकर रोने लगी। वह थाने पहुंची। पुलिस ने उसकी शिकायत सुनने के बाद उसे गाड़ी में बिठाया और छानबीन की। लेकिन उन महिला ठगों का कोई पता नहीं चल सका।
