भोजपुर में घरेलू विवाद होने पर पति ने पत्नी को पीटकर छत से फेंका, हालत गंभीर, जाने पूरा मामला
भोजपुर, बिहार। भोजपुर में सनकी पति ने अपनी पत्नी की जमकर पिटाई की और उसके बाद उसे छत से नीचे फेंक दिया। इससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गई। इसके बाद उसे इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया जहां उसका इलाज कराया जा रहा है। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बभनौली गांव में मंगलवार की देर रात की है। परिजन घरेलु विवाद की बात कह रहे हैं। जख्मी महिला मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गांव निवासी बबलू प्रसाद की पत्नी निशा देवी (28) है। घायल निशा देवी ने बताया कि उसका पति ITBP में कार्यरत है। वह वर्तमान में बेंगलुरु से मदुरई में पोस्टेड है। वह कुछ दिन पूर्व छुट्टी लेकर घर आया है। आज शाम उनके बीच आपसी विवाद को लेकर तीखी नोकझोंक हुई। इसके बाद उसके पति ने पहले उसकी पिटाई की।

जब विवाद बढ़ा तो उसके बाद पति ने उसे छत से नीचे फेंक दिया। इससे वह गंभीर रुप से जख्मी हो गई। इसके बाद उसे इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया, जहां उसका इलाज कराया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर जख्मी महिला निशा देवी ने अपने ससुराल वालों पर मारने-पीटने एवं पति पर पहले अपने भाभी एवं करीब दो वर्षों से एक अन्य महिला के साथ नाजायज संबंध होने का आरोप लगाया है। वहीं जब सदर अस्पताल में आये पीड़िता के पति समेत ससुराल वाले और मायके वालों ने जमकर हंगामा किया और एक दूसरे से मारपीट करना शुरू कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस दोनों पक्षों के लोगों सदर अस्पताल के कैम्पस से हटाया और मामले की छानबीन में जुट गई।

