February 19, 2026

बक्सर में फिर जहरीली शराब के कारण 5 की मौत, 3 की हालत गंभीर

बक्सर। शराबबंदी वाले बिहार के बक्सर में बुधवार देर रात 5 लोगों की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। वहीं, तीन की हालत गंभीर है। मामला डुमरांव के आमसारी गांव का है। मृतक के परिजनों ने बताया, ’26 जनवरी की रात मचान पर बैठकर आठों ने शराब पार्टी की थी। इसके बाद आधी रात को सबकी तबीयत बिगड़ गई। जब तक अस्पताल ले जाते तब तक 5 लोगों की मौत हो गई। वहीं, 3 की हालत गंभीर है। परिजनों का कहना है, गांव के ही एक आदमी से जहरीली शराब खरीदी थी। गांव में शराब बनती है।’ हालांकि, बक्सर SP इस बात से इनकार कर रहे हैं। उनका कहना है कि मौके पर जांच के लिए पुलिस पहुंची है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।

मरने वालों में आमसारी गांव के आंनद कुमार (20), रिंकु सिंह (35), दीनू सिंह (48), शिव मोहन यादव (45), सुखु मुसहर (55) शामिल हैं। वहीं, बंटी सिंह, मुन्ना चौधरी और संजय चौधरी की हालत गंभीर है। सभी को बक्सर शिवरात्रि हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। बक्सर SP नीरज कुमार ने बताया, ‘मौत की सूचना मिली है। मौके पर पुलिस पदाधिकारी पहुंचे हुए हैं। मामले की जांच की जा रही है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। अभी मौत कैसे हुई कुछ कहा नहीं जा सकता है।’

You may have missed