पटना के गर्दनीबाग में शराब पार्टी करते 4 गिरफ्तार, छेड़खानी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

शराब के नशे में महिला से छेड़खानी करने वाला गिरफ्तार
पटना। शराब के नशे में महिला के साथ छेड़खानी करने वाले एक आरोपित को राजधानी पटना के गर्दनीबाग थाने की पुलिस ने रविवार की रात गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपित का नाम अरुण कुमार है। थाना क्षेत्र के जनता रोड इलाके में अरुण एक महिला के घर में घुस गया था। इसके बाद वह छेड़खानी करने लगा। उस वक्त महिला अपनी बेटी के साथ घर में थी। शराबी को घर में घुसा देख महिला ने शोर- शराबा करना शुरू कर दिया। इसके बाद वह बाहर निकल गई और आरोपित को घर के अंदर ही बंद कर दिया। खबर मिलने के बाद मौके पर पहुंची गर्दनीबाग थाने की पुलिस ने अरुण को गिरफ्तार कर लिया। महिला के बयान पर केस दर्ज कर लिया गया है।

घर में चल रही थी शराब पार्टी, चार गिरफ्तार
पटना। घर में शराब पार्टी चार पकड़े गए हैं। गर्दनीबाग थाने की पुलिस ने बाबू बाजार इलाके में छापेमारी कर चारों को गिरफ्तार कर लिया। बताया जाता है कि अशोक राम के घर में शराब पार्टी चल रही थी तभी पुलिस को इस बात की भनक लग गई। गर्दनीबाग थाने की पुलिस ने तत्काल बाबू बाजार इलाके में छापेमारी कर चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। मौके से शराब की कुछ खाली बोतलें और 5 देसी पाउच बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपितों में अशोक राम, राम पाल सिंह, श्रीकांत राम और संजीत कुमार शामिल हैं। गर्दनीबाग थानाध्यक्ष अरुण कुमार सिंह ने बताया कि सभी आरोपितों के पर केस दर्ज कर लिया गया है।

You may have missed