December 6, 2025

केंद्रीय मंत्री ने कहा- PM मोदी के सुरक्षा में चूक कांग्रेस व पंजाब सरकार की साजिश 

पटना। केंद्रीय राज्यमंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुरक्षा में चूक कांग्रेस पार्टी और पंजाब सरकार की साजिश लगती है। सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने आज इस पर सख्त टिप्पणी की और मामले को “रेयरेस्ट आॅफ द रेयर” करार दिया। इससे मामले की गंभीरता को समझा जा सकता है।
चौबे ने कहा कि छोटी-मोटी बातों पर लगातार ट्वीट करने वाले राहुल गांधी प्रधानमंत्री के सुरक्षा में चूक से जुड़े इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय मुद्दे पर अभी तक कोई बयान नहीं दिया है। यही स्थिति सोनिया गांधी की भी है, जिन्होंने अभी तक इस मामले पर कुछ नहीं बोला है। इन दोनों को अभी तक घटना की जानकारी नहीं है? अगर है तो इन लोगों ने पंजाब सरकार की नाकामियों पर अभी तक टिप्पणी क्यों नहीं की? भारत की जनता उनसे जानना चाहती है कि पंजाब के कांग्रेसी सरकार के इस कुकृत्य के बारे में उनकी क्या राय है?
श्री चौबे ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा यह महत्वपूर्ण मुद्दा है, जिस पर गंभीरता से विचार करने की जरुरत है। एक तो प्रधानमंत्री के पंजाब पहुंचने पर वहां के मुख्यमंत्री डीजीपी और मुख्य सचिव नहीं गए? जब पीएम को सड़क मार्ग से जाना होता है तो एसपीजी यह बात डीजीपी को बताती है और मार्ग में सुरक्षा का इंतजाम करने को कहती है। डीजीपी सारा इंतजाम करने के बाद हरी झंडी देते हैं। जब सड़क आगे ब्लॉक था तो मंजूरी क्यों दी गई? पीएम के काफिले के 500 मीटर आगे चलने वाले राज्य पुलिस का वार्निंग कार का क्या रोल था? उसने पहले सूचित क्यों नही किया कि आगे फ्लाईओवर पर जाम है? उसके आगे पुलिसवाले प्रदर्शनकारियों के साथ चाय पी रहे थे।
केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने आगे कहा कि कांग्रेस अपने विरोधियों के लिए किसी भी हद तक कोई भी काम करने को तैयार रहती है। जब प्रधानमंत्री के साथ ऐसा करने का कोशिश हो सकता है बाकी किसी के बारे में क्या कहा जाए। सबसे बड़ी बात है कि विपक्ष में रहते हुए जब यह कृत्य किया जा सकता है तो सत्ता में रहते हुए कांग्रेस पार्टी ने ना जाने कितने ऐसे कुकृत्य किए होंगे, जिसके शिकार विपक्षी पार्टी के प्रमुख नेताओं के साथ कांग्रेस पार्टी के भी अनेक नेता हुए होंगे। ऐसे साजिशो और कुकृत्यों का जनता समय आने पर जोरदार जवाब देगी।

You may have missed