औरंगाबाद में बोले CM नीतीश- जब समाज सुधार अभियान चलेगा, तभी हमारा विकास हो पाएगा

पटना। मंगलवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पुलिस लाइन मैदान में राज्य में पूर्ण नशामुक्ति, दहेज प्रथा उन्मूलन एवं बाल विवाह मुक्ति हेतु चलाए जा रहे समाज सुधार अभियान में शामिल हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हम न्याय के साथ विकास का काम कर रहे हैं। आपने 24 नवंबर 2005 से हमलोगों को काम करने का मौका दिया और उस समय से सबको आगे बढ़ाने के लिए काम करना शुरू किया। जो हालात उन दिनों के थे, उससे सभी परिचित हैं। शाम होते ही कोई घर से बाहर नहीं निकलते थे। महिलाएं, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अल्पसंख्यक, अतिपिछड़े वर्ग के लिए काम करने के साथ-साथ हाशिए पर के लोगों को समाज की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए विशेष पहल की गई। क्या हालत थी, महिलाओं को कुछ काम नहीं मिलता था। कितनी परेशानी होती थी, बच्चियों को पढ़ने में कितनी दिक्कतें आती थीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में उस समय बेहतर ढंग से स्वयं सहायता समूह गठित नहीं था। हमने वर्ल्ड बैंक से कर्ज लेने का निर्णय लिया। हमने इसका नामकरण किया जीविका समूह। महिलाओं में इससे कितनी जागृति आयी है। हमलोगों का 10 लाख स्वयं सहायता समूह बनाने का लक्ष्य था। अब तो 10 लाख के लक्ष्य को भी पूरा कर लिया गया है। 1 करोड़ 30 लाख से अधिक महिलाएं इससे जुड़ गई हैं।
निरंतर अभियान को जारी रखना है : मुख्यमंत्री ने कहा कि 1 अप्रैल 2016 को पहले ग्रामीण इलाके में देशी और विदेशी शराब पर हमलोगों ने रोक लगायी, जबकि शहरी इलाकों नगर निगम और नगर परिषद में विदेशी शराब बंद नहीं करने का निर्णय लिया था। हमने सोचा गांव में इतना अभियान चलाए हैं और शहर में नहीं चलाए हैं तो बाद में इसको हम देखेंगे लेकिन शहरों में महिलाएं, युवक-युवतियों, कई जगहों पर पुरुषों ने भी शराब की आवंटित दुकानों के खोले जाने पर कड़ा विरोध जताया। इसके बाद 5 अप्रैल 2016 को राज्य में पूर्ण शराबबंदी लागू कर दी। हमने अपने साथियों से भी कहा है कि हमने अभियान की शुरूआत की है, इसका मतलब ये नहीं कि जहां जाएंगे वहीं अभियान है बल्कि ये निरंतर इस अभियान को जारी रखना है। आप सबलोगों से हम आग्रह करने आए हैं कि समाज सुधार के लिए जागृति लाने के लिए निरंतर लगे रहिएगा।
कोरोना से आपलोग सचेत रहिए
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना का तीसरे लहर का प्रकोप बढने लगा है, जिसमें सबसे अधिक पटना और दूसरे नंबर पर गया है। दो लाख-पौने दो लाख रोज कोरोना की जांच करवा रहे थे, रिपोर्ट निगेटिव आता था लेकिन इधर पॉजिटिव रिपोर्ट बहुत आने लगा है। कल हम जनता दरबार में थे, 188 लोग आए उसमें से 8 लोग पॉजिटिव निकल गए। 7-8 आदमी खाने खिलाने वाले लोगों में 5 लोग और सुरक्षा में रहने वाले 8-10 पॉजिटिव निकल गए इसलिए आपलोग सचेत रहिए। हम जब यहां से लौटकर 7 बजे शाम में सारा रिपोर्ट मंगवाएंगे उसके बाद कल इस पर क्या करना है, क्या नहीं करना, निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब एक ओमिक्रोन आ गया है। अब उसकी जांच की जा रही है। उसके जांच की भी हमलोगों ने तय किया कि पटना में जांच होगी। इस तरह की चीजों से सजग एवं सतर्क रहना है। जैसे हमलोगों ने शराबबंदी लागू कर अभियान चलाया है, उसके बाद बाल विवाह और दहेज प्रथा के खिलाफ भी अभियान चलाया।
गांव और शहर में न्याय के साथ विकास
उन्होंने आगे कहा कि बाल विवाह बहुत बुरी चीज है। बाल विवाह की शिकार महिलाएं कई गंभीर बीमारियों से ग्रसित हो जाती हैं। दहेज के चक्कर में कितनी लड़कियों को आत्महत्या करनी पड़ती है। कितने लोगों की हत्या की गई है। कितनी ज्यादा परेशानी हुई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमलोग विकास का काम कर रहे हैं। सिर्फ निर्माण कराना ही नहीं है बल्कि उसको मेंटेन भी रखना है। गांव और शहर में न्याय के साथ हमलोग विकास कर रहे हैं। किसी की अवहेलना नहीं की जा रही है लेकिन उसके साथ-साथ समाज सुधार करना और अभियान चलाते रहना है। जब समाज सुधार अभियान चलेगा, तभी हमारा विकास हो पाएगा।
इन्होंने किया संबोधित
कार्यक्रम को मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन, अमरेंद्र प्रताप सिंह, जनक राम, सुनील कुमार, संतोष कुमार सुमन, मुख्य सचिव आमिर सुबहानी, पुलिस महानिदेशक एसके सिंघल, अपर मुख्य सचिव गृह चैतन्य प्रसाद, मद्य निषेध उत्पाद एवं निबंधन विभाग के अपर मुख्य सचिव केके पाठक ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर आयोजित जनसभा को लेकर बने मंच पर आयुक्त मगध प्रमंडल मयंक बरबड़े ने पौधा जबकि स्थानीय नेताओं एवं जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को अंगवस्त्र एवं पुष्प गुच्छ भेंटकर उनका अभिनंदन किया। नशामुक्ति पर आधारित गीत का गायन कर जीविका दीदियों ने जनसभा में उपस्थित लोगों को जागरूक किया।
प्रदर्शनियों का किया अवलोकन
कार्यक्रम की शुरूआत से पहले मुख्यमंत्री ने विभिन्न स्टॉलों पर लगाए गए प्रदर्शनियों का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने गया जिला प्रशासन द्वारा जल-जीवन-हरियाली अभियान से संबंधित प्रकाशित कराई गई त्रैमासिक बुलेटिन (पुस्तिका) के तृतीय संस्करण तथा लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम पर आधारित पुस्तिका समाधान की कहानी, परिवादी की जुबानी वर्ष 2022 का विमोचन किया।
5,089 लाभार्थियों दिया गया चेक
मुख्यमंत्री ने औरंगाबाद, गया, नवादा, अरवल एवं जहानाबाद जिले के सतत जीविकोपार्जन योजना के 5,089 लाभार्थियों हेतु उर्मिला देवी एवं कलावती देवी को 6.72 करोड़ रुपये का डमी चेक प्रदान किया। विभिन्न बैंकों द्वारा कैश क्रेडिट लिमिट के माध्यम से 7454 स्वयं सहायता समूहों को 231.35 करोड़ रुपये की आर्थिक मदद से संबंधित चेक, जल-जीवन- हरियाली अभियान के अंतर्गत नवसृजित 41 सार्वजनिक जलाशयों के रखरखाव एवं प्रबंधन हेतु जीविका दीदियों को 1.58 करोड़ रुपये की राशि से संबंधित डमी चेक प्रदान किया गया। जीविका एवं कृषि विभाग के साथ समन्वय से जीविका संपोषित संकूल स्तरीय संघों को कुल 63 कस्टम हायरिंग सेंटर की चाभी लाभुकों को प्रदान की गई।
डॉ. अनुग्रह नारायण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण
औरंगाबाद में आयोजित समाज सुधार अभियान में शामिल होने पहुंचे मुख्यमंत्री ने सबसे पहले औरंगाबाद समाहरणालय के प्रवेश द्वार के समीप स्थित डॉ. अनुग्रह नारायण सिंह स्मारक समिति कार्यालय परिसर में स्थापित बिहार के पहले उप मुख्यमंत्री स्व. डॉ. अनुग्रह नारायण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। सत्येंद्र नारायण सिन्हा स्मृति भवन में स्थापित की गई बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. सत्येंद्र नारायण सिन्हा की प्रतिमा का अनावरण करने के उपरांत मुख्यमंत्री ने माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। स्व० सत्येंद्र नारायण सिन्हा स्मृति भवन में मुख्यमंत्री ने स्व. सत्येंद्र नारायण सिन्हा के व्यक्तित्व-कृतित्व पर आधारित चित्र प्रदर्शनी दीर्घा का फीता काटकर लोकार्पण किया।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर सांसद महाबली सिंह, विजय कुमार मांझी, चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी, चंदन कुमार, विधायक अनिल कुमार, ज्योति देवी, वीरेंद्र सिंह, विधान पार्षद संजीव श्याम सिंह, कुमुद वर्मा, रोजीना नजिस के अलावा सामान्य प्रशासन विभाग के प्रधान सचिव चंचल कुमार, प्रधान सचिव पंचायती राज अरविंद कुमार चौधरी, परिवहन सह आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव संजय कुमार अग्रवाल, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, जीविका के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी बाला मुरुगन डी., सचिव वाणिज्य कर विभाग प्रतिमा वर्मा, सचिव भवन निर्माण कुमार रवि, जिलाधिकारी औरंगाबाद सौरभ कुमार जोरवार, जिलाधिकारी गया अभिषेक सिंह, जिलाधिकारी जहानाबाद हिमांशु कुमार राय, जिलाधिकारी अरवल सुश्री जे. प्रियदर्शिनी, जिलाधिकारी नवादा यशपाल मीणा, पुलिस अधीक्षक औरंगाबाद कांतेश कुमार मिश्रा, वरीय पुलिस अधीक्षक गया आदित्य कुमार, पुलिस अधीक्षक जहानाबाद दीपक रंजन, पुलिस अधीक्षक अरवल राजीव रंजन, पुलिस अधीक्षक नवादा श्रीमती डी. सांवलाराम सहित अन्य वरीय पदाधिकारी, जीविका दीदियां एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
