February 25, 2026

बहन बनी सौतन : शिक्षक ने साली से रचायी शादी, अलकापुरी मध्य विद्यालय में है पदस्थापित, कोलकाता से दोनों पकड़ाए

पटना। एक स्कूली शिक्षक का अपनी साली पर ही दिल आ गया। यहीं नहीं, शिक्षक ने अपनी पत्नी और बच्चों को भुखमरी के कगार पर छोड़ दूसरी शादी रचा ली। मामला राजधानी पटना से सटे बिक्रम के भक्तसारा गांव का है। स्कूली शिक्षक ने पत्नी की चचेरी बहन से शादी रचा ली। इसके बाद वह घर से भाग गया। इसके बाद पत्नी मामले को लेकर थाना पहुंची। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पति को उसकी दूसरी पत्नी के साथ कोलकाता के एक होटल से गिरफ्तार कर लिया है।
अलकापुरी मध्य विद्यालय में है पदस्थापित
मिली जानकारी के अनुसार, बिक्रम निवासी गौतम कुमार राजधानी पटना के गर्दनीबाग के अलकापुरी मध्य विद्यालय में पदस्थापित हैं। गौतम की शादी गया के भदान निवासी रामप्रवेश सिंह की बेटी पिंकी कुमारी से साल 2003 में हुई थी। पिंकी कुमारी से 13 साल का एक बेटा निर्भय कुमार और 8 साल की एक बेटी नंदनी कुमारी है।
पत्नी ने की शिकायत तो पति ने दी थी धमकी
पत्नी पिंकी कुमारी ने बताया कि कुछ माह पहले उनके पति गौतम कुमार बाढ़ के अथमलगोला की रहनेवाली उनकी चचेरी बहन अंजली कुमारी को लेकर घर से भाग गए थे। जब उन्होंने बिक्रम थाने में इसकी शिकायत की तो गौतम ने उसे जान से मार डालने की धमकी दी थी। बावजूद इसके पिंकी धमकी से डरी नहीं और लगातार पुलिस से शिकायत करती रही। पुलिस ने पिंकी कुमारी के आवेदन पर शिकायत दर्ज कर छानबीन शुरू की तो पता चला कि गौतम कुमार कोलकाता के एक होटल में अंजलि के साथ ठहरे हुए हैं। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गौतम को वहां से बरामद कर लिया। पूछताछ के क्रम में दोनों ने एक-दूसरे से शादी करने की बात स्वीकार की है। बिक्रम थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि पहली पत्नी के रहते हुए दूसरी शादी करने के आरोप में शिक्षक गौतम कुमार को गिरफ्तार कर सोमवार को जेल भेज दिया गया है।
भुखमरी के कगार पर पत्नी और बच्चे
इधर, पिंकी ने कहा कि वह इस बात को कभी स्वीकार नहीं करेगी कि पहली पत्नी के रहते हुए उनके पति घर में सौतन लाएं। आज चचेरी बहन ही उनकी सौतन और सबसे बड़ी दुश्मन बनी हुई है। वह और उनके दोनों बच्चे भुखमरी के कगार पर हैं। समझ नहीं आ रहा है कि दोनों बच्चों के साथ इतनी लंबी जिंदगी कैसे और किसके सहारे गुजारेंगे।

You may have missed