February 25, 2026

बिहारशरीफ में सामने आया पकड़ौआ विवाह का मामला, छठ का प्रसाद देने बहन के ससुराल गए युवक की बंदूक के बल पर करवा दी शादी

बिहारशरीफ। शादी के इस मौसम में बिहार में पकड़ौआ शादी का वायरल वीडियो सुर्खियां बटोर रहा है। वीडियो बिहारशरीफ के मानपुर थाना क्षेत्र के परोहा गांव का बताया जाता है। पीड़ित धनुकी गांव निवासी नीतीश कुमार ने पुलिस को प्राथमिकी के लिए आवेदन दिया है। उसका आरोप है कि बंदूक के बल पर उसे अगवा कर शादी करा दी गयी। विरोध करने पर रातभर बंधक बनाकर मारपीट भी की। नीतीश ने बताया कि वह 11 नवंबर को छठ का प्रसाद देने के लिए अपनी बहन की ससुराल सरबहदी गांव गया था। वहां से लौटने के दौरान परोहा गांव के पास कुछ लोगों ने बंदूक दिखाकर अगवा कर लिया।

एक घर में उसकी जबरन शादी करा दी गयी। एक वीडियो में युवक को धमका रहे कुछ लोग भी दिख रहे हैं। वहीं जिस लड़की के साथ उसकी जबरन शादी की गई है वह पीछे-पीछे चल रही है। इस दौरान काफी संख्या में लोग दिखाई दे रहे हैं। मामले पर थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने बताया कि वीडियो वायरल हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

You may have missed