February 25, 2026

नीतीश सरकार के 16 साल पूरे : 24 नवंबर को पूरे बिहार में कार्यक्रम आयोजित करेगा जदयू

पटना। जदयू कार्यालय में मंगलवार को प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा और विधान पार्षद सह मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने नीतीश सरकार के 16 साल पूरे होने पर प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार की चौथी पारी के एक वर्ष पूरे हो चुके हैं। इस बीच सरकार ने कई उपलब्धियां हासिल की। सात निश्चय योजना के प्रथम फेज में बिहार के हर पंचायत और हर वार्ड की तस्वीर बदली हैं। उन्होंने कहा कि सात निश्चय के दूसरे फेज में भी बिहार के विकास के लिए कई योजनाएं चल रही हैं। सरकार का लक्ष्य है कि किसानों के हर खेत तक पानी पहुंचाया जाए, इसको लेकर सरकार लगातार काम कर रही है। पानी, बिजली, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा समेत हर क्षेत्र में क्रांति लाई गई है। बीते 16 वर्षों में बिहार ने जो ऊंचाई प्राप्त किया है, यह देश और दुनिया देख रही है। प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि सुशासन की सरकार के 16 वर्ष पूरा करने के उपलक्ष्य में 24 नवंबर को पार्टी द्वारा कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जिसमें सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा की जाएगी। कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह शामिल होंगे।
वहीं मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने बताया कि सरकार के 16 साल पूरे होने पर पार्टी ने तय किया है कि ‘समदर्शी नेतृत्व और समावेशी विकास के 15 साल बेमिसाल’ पार्टी का नारा होगा। कहा कि आगामी 24 नवंबर को प्रदेश मुख्यालय के साथ-साथ सभी जिला मुख्यालयों में भी कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जिसमें सरकार की उपलब्धि और सरकार द्वारा चलाए जा रहे विकास कार्यक्रमों के सामाजिक प्रभाव पर चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि पॉलिटिक्स विद डिफरेंट के साथ काम करनेवाले नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार ने बिहार में विकास की पटकथा लिखी है। सात निश्चय पार्ट वन की अपार सफलता के बाद जनता का जनादेश मिलने के बाद सात निश्चय पार्ट टू पर हमलोग काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार के विकास के लिए सरकार ने जो काम किया है उससे कोई इनकार नहीं कर सकता है। मानव विकास सूचकांक को बेहतर करने के लिए हमारी सरकार लगातार काम कर रही है। इस अवसर पर प्रदेश महासचिव मृत्युंजय कुमार सिंह एवं सचिव वासुदेव कुशवाहा मौजूद रहे।

You may have missed