February 26, 2026

पटना हाफ मैराथन का वेबसाइट, लोगो और जर्सी का विमोचन, 19 दिसंबर को स्वर्णिम विजय वर्ष के पूरे होने पर बिहारवासी बनाएंगे इतिहास

पटना। देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। साथ ही 1971 के भारत-पाक युद्ध में भारत की जीत के उपलक्ष्य में स्वर्णिम विजय वर्ष भी मनाया जा रहा है। भारतीय इतिहास की इस विराट उपलब्धि पर आगामी 19 दिसंबर को स्वर्णिम विजय वर्ष के पूरे होने पर एनसीसी द्वारा वृहत स्तर पर पटना हाफ मैराथन का आयोजन होने जा रहा है। सोमवार को अरण्य भवन में बिहार सरकार के भवन निर्माण मंत्री डॉ. अशोक चौधरी, कला संस्कृति युवा मंत्री डॉ. आलोक रंजन, पर्यटन मंत्री नारायण प्रसाद, पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन, एनसीसी बिहार-झारखंड के एडीजी मेजर जनरल एम इंद्र बालन आदि ने संयुक्त संवाददाता सम्मेलन के दौरान पटना मैराथन का वेबसाइट http://patnamarathon.co.in, लोगो और जर्सी का विमोचन किया।
इस मौके पर पत्रकारों को बताया कि पटना हाफ मैराथन की परिकल्पना भारत के 75 वर्ष पूरे होने तथा गौरवशाली विजय के 50 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में की गई है। इसका उद्देश्य जनसामान्य की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करते हुए युवाओं में भारत देश के समृद्ध इतिहास के प्रति गर्व का भाव जागृत करना और साथ ही विश्व के सम्मुख ऐतिहासिक तथा भव्य पटना शहर की सुंदरता को प्रस्तुत करना है। इस प्रस्ताव को बिहार सरकार से उच्चस्तरीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
उन्होंने बताया कि हाफ मैराथन के अंतर्गत अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर के धावकों की उपस्थिति एवं विभिन्न श्रेणियों में 15,000 से अधिक धावकों की सहभागिता की उम्मीद है। इस पूरे आयोजन से 3 करोड़ से अधिक लोगों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। जनसामान्य के सभी वर्गों की भागीदारी और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए तीन श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। 21.5 किलोमीटर के हाफ मैराथन में पेशेवर और शौकिया धावक भाग लेंगे, जिसे “विक्ट्री रन” के नाम से जानेंगे। 10 किमी “फ्रीडम रन” किसी भी एथलीट के लिए है, जो प्रतिस्पर्धा करना चाहते हैं और अंत में 3 किमी “सेलिब्रेशन रन” युवाओं, बच्चों और बुजुर्गों के लिए है। इसमें राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर के संजीदा धावकों को आकर्षित करने लिए उचित नगद पुरस्कार भी निर्धारित किए गए हैं। इस मैराथन में फिल्म एवं खेल जगत से कई मशहूर हस्तियों की भी भागीदारी रहेगी।
आगे कहा कि हमें उम्मीद है कि पटनावासी आगे आएंगे और अपनी स्वत:स्फूर्त भागीदारी से इसे जनसामान्य का कार्यक्रम बनाने और इसकी भव्य सफलता की दिशा में काम करने के लिए कंधे से कंधा मिलाकर साथ चलेंगे। मैराथन की भव्य सफलता आगामी भविष्य में पटना शहर के लिए हाफ मैराथन के रूप में एक हस्ताक्षर आयोजन की नींव रखने का कार्य करेगी।
उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि पटना मैराथन पटना का एक हस्ताक्षर वार्षिक कार्यक्रम बने जो न केवल एथलीट, बल्कि पर्यटकों को भी बड़ी संख्या में पटना शहर और बिहार राज्य की ओर आकर्षित करता रहे। हम पटना को भारत के मैराथन मानचित्र और बिहार को भारत के पर्यटन और सांस्कृतिक मानचित्र पर स्थापित करना चाहते हैं। मैराथन के लिए ऐतिहासिक गांधी मैदान को प्रारंभ और समाप्ति बिंदु के रूप में चिन्हित करते हुए, हमने एक ऐसा मार्ग चुना है जो प्रमुख स्थानों, चौराहों, लोकप्रिय सड़कों एवं शहर के शानदार फ्लाईओवर से होकर गुजरता है। तीनों श्रेणी के धावक विभिन्न अंतराल और दूरियों के साथ एक ही मार्ग पर दौड़ेंगे।
मैराथन में युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी के लिए हमने स्कूल और कॉलेज के विभिन्न बैंड को आमंत्रित किया है, जो पूरे मार्ग में अपनी ओजपूर्ण प्रस्तुति से धावकों का उत्साहवर्धन करेंगे। मंच पर और इसके नीचे भी गायकों एवं कलाकारों के द्वारा प्रस्तुतियां होंगी। एनसीसी कैडेट एवं अन्य युवा संगठन भीड़ नियंत्रण में सहयोग करेंगे। भारत के स्वतंत्रता संग्राम के प्रतिष्ठित क्षणों और बिहार के स्वतंत्रता सेनानियों की छवियां बिहार के गांधी मैदान में एक फोटो प्रदर्शनी में प्रदर्शित की जाएंगी। वहां भारतीय सेना द्वारा हथियारों की प्रदर्शनी भी लगेगी।

You may have missed