February 14, 2026

महापर्व छठ को ले देश के विभिन्न स्टेशनों पर बरती जा रही अतिरिक्त सतर्कता, सीसीटीवी से हो रही 24 घंटे निगरानी, मेगा माइक का भी उपयोग

file photo

हाजीपुर। बिहार के महापर्व छठ को लेकर देश के विभिन्न स्टेशनों से पूर्व मध्य रेल क्षेत्राधिकार में आने-जाने वाले यात्रियों की सुविधा हेतु पूर्व मध्य रेल द्वारा कई कदम उठाए गए हैं। इसी क्रम में नई दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद, सिकंदराबाद, पूणे आदि स्टेशनों से पूर्व मध्य रेल के विभिन्न स्टेशनों के बीच फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है। यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए यात्री सुरक्षा में किसी प्रकार की चूक न हो, इसके लिए स्टेशनों पर रेल सुरक्षा बल निरंतर चौकसी बरत रहे हैं। अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए कुछ स्टेशनों पर डॉग स्क्वायड के साथ रेल सुरक्षा बल की तैनाती की गई है।
यात्रियों के लिए होल्डिंग एरिया
पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों के लिए होल्डिंग एरिया बनाया गया है, साथ ही ट्रेन के आवागमन की जानकारी सहज उपलब्ध हो सके, इसके लिए स्टेशनों पर निरंतर उद्घोषणा की जा रही है। इसके लिए मेगा माइक भी उपयोग मेंं लाया जा रहा है। असामाजिक तत्वों तथा भीड़ नियंत्रण पर काबू करने हेतु यात्री सुरक्षा को देखते हुए मुख्य स्टेशनों पर सीसीटीवी कैमरे से रेल सुरक्षा बलों द्वारा 24 घंटे गहन निगरानी की जा रही है। यहीं नहीं रेल सुरक्षा बल व पुलिस प्रशासन के अतिरिक्त प्रमुख स्टेशनों पर स्काउट एवं गाईड की भी तैनाती सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही यात्रियों की सहायता हेतु प्रमुख स्टेशनों पर ‘मे आई हेल्प यू’ सहायता बूथ बनाया गया है। जहां संबंधित विभाग के वरिष्ठ कर्मचारी आवष्यक जानकारी के साथ निरंतर ड्यूटी पर तैनात हैं। चिकित्सा मदद के लिए सहायता बूथ बनाए गए हैं। पैदल उपरि पुल पर यात्रियों के सामान्य आवागमन को ध्यान रखते हुए रेल सुरक्षा बल-पुलिस प्रशासन के अतिरिक्त वाणिज्य विभाग के कर्मचारी को भी तैनात किया गया है।
टिकट दलालों पर सीधी निगरानी
उन्होंने बताया कि रेल सुरक्षा बल द्वारा ऐसे सभी उपाय किए गए हैं जिससे कोई भी यात्री नशाखुरानी गिरोह का शिकार नहीं हों। टिकट दलालों पर अंकुश लगाने के लिए कई स्टेशनों के आरक्षण कार्यालय में सीसीटीवी कैमरे भी लगाये गये हैं ताकि टिकट दलालों पर सीधी निगरानी रखी जा सके।

You may have missed