सूर्य की तरह होते हैं कार्यकर्ता, देते हैं पार्टी को ऊर्जा, ऊष्मा और रोशनी: आरसीपी
* नालंदा, जमुई, बांका एवं मुंगेर जिलों में कार्यकर्ता-सम्पर्क एवं आभार-कार्यक्रम

पटना। जदयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व केन्द्रीय इस्पात मंत्री आरसीपी सिंह अपने कार्यकर्ता-सम्पर्क एवं आभार-कार्यक्रम के चौथे दिन नालंदा, जमुई, बांका एवं मुंगेर गए। इस दौरान वे नालंदा के अस्थावां से होते हुए मुंगेर के गंगटा एवं देघरा के सुंदर लाल सिंह उच्च विद्यालय और बांका के बेलहर प्रखंड स्थित शिवलोक (वाया समुखिया मोड़, इंग्लिश मोड़, पुनशिया रोड) एवं बौंसी प्रखंड स्थित सिंहेश्वरी ग्राम में बिहार सरकार के ग्रामीण कार्य मंत्री जयंत राज के आवास पर गए। रास्ते में जगह-जगह जदयू कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।
श्री सिंह ने इस दौरान बांका के शिवलोक में कहा कि कार्यकर्ता सूर्य की तरह होते हैं, जो पार्टी को ऊर्जा, उष्मा देते हैं और उन्हीं से पार्टी को रोशनी और आभा मिलती है। आप सभी अपनी ऊर्जा का स्तर हमेशा ऊंचा रखिए। जिसकी ऊर्जा का स्तर जितना ऊंचा होगा, वो उतनी ही ऊंचाई पर जाएगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आप ही की बदौलत लगातार 16 वर्षों से बिहार की सेवा कर रहे हैं और मैं भी आज अगर मंत्री के रूप में आपके बीच हूं तो इसका श्रेय आप ही को जाता है। श्री सिंह ने आगे कहा कि पहले लोग कहा करते थे कि जदयू में नेता हैं लेकिन संगठन नहीं। आज हमारा संगठन बूथ तक है।
इस दौश्रान मंत्री जयंत राज, सांसद गिरिधारी यादव, विधायक मनोज यादव, ललित मंडल, प्रदेश महासचिव डॉ. बिपिन कुमार यादव, जिलाध्यक्ष ई. शंभू शरण, अमरेन्द्र कुमार सिंह, जदयू किसान प्रकोष्ठ के प्रभारी मनोज कुमार, जदयू खेलकूद प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष विजय शर्मा, युवा जदयू के प्रभारी बिशन कुमार बिट्टू समेत कई नेता एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

