मुजफ्फरपुर : सकरा में तेजाब से जलाकर विधवा की हत्या, कमरे में क्षत-विक्षत हालत में मिला शव

मुजफ्फरपुर । जिले के सकरा थाना क्षेत्र के केशोपुर गांव के वार्ड नंबर पांच में तेजाब से जलाकर विधवा की हत्या कर दी। उसका शव चार दिन बाद घर से मिला है। मृत विधवा की पहचान रुक्मणि देवी (50) के रूप में हुई।

पति शंकर महतो की मौत 10 साल पहले हो चुकी थी। तीनों बेटी की शादी कर चुकी हैं। तीनों बेटियां ससुराल रहती हैं व एक बेटा दिल्ली में रहता है। मुखिया दिनेश पुष्पम ने बताया कि महिला अकेले रहती थी।
आसपास की महिलाओं से भी ज्यादा बातचीत नहीं करती थी। तीन दिन पहले उसे लोगों ने देखा था। दो दिन से उसका बेटा दिल्ली से अपनी मां के मोबाइल पर कॉल कर रहा था, लेकिन वह फोन नहीं उठा रही थी।
इसके बाद उसने पड़ोस के एक लड़के को कॉल कर कहा कि उसकी मां फोन नहीं उठा रही है। घर जाकर बात कराने को कहा। जब युवक उसके घर गया तो देखा कि मेन ग्रिल का अंदर से सिर्फ हैंडल लगा था। भीतर जैसे ही उसने पैर रखा उसे तेज दुर्गंध महसूस हुई।
फिर भी महिला को आवाज लगाते हुए अंदर गया तो कमरे में देखकर उसके होश उड़ गए। विधवा अपने बिछावन पर लेटी थी। उसका शरीर काला पड़ चुका था। कमरे का सामान अस्त-व्यस्त था। उसका मोबाइल पास में पड़ा था। उसने शोर मचाकर आसपास के लोगों इकट्ठा किया।
सूचना मिलने पर सकरा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। इसके बाद मोबाइल समेत अन्य सामान साक्ष्य के तौर पर जब्त किया। लोगों का कहना है कि महिला को तेजाब से जलाया गया है। तेजाब का गंध भी आ रहा था।
सकरा पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम के बाद ही हत्या का कारण स्पष्ट होगा। लोग आशंका जता रहे हैं कि हत्या को दूसरा रूप देने की साजिश की जा रही है। कमरे में सामान बिखरा हुआ था। आरोपी ने इसे चोरी का रूप देने की कोशिश की है। जबकि यह स्पष्ट हत्या है।
ग्रामीण ये भी सवाल उठा रहे हैं कि शंकर महतो की मौत हो चुकी है। महिला पूरी संपत्ति की मालिक थीं। कहीं उसकी हत्या कर कागजात तो चोरी नहीं कर लिया गया। या फिर उससे संपत्ति के कागजात पर हस्ताक्षर तो नहीं कराया, जिसका विरोध करने पर हत्या कर दी गई हो।