स्वतंत्रता दिवस पर अशांति का खतरा, राजधानी पटना में हाई अलर्ट, गांधी मैदान के आसपास परिंदा भी नहीं मार सकेगा ‘पर’

file photo

पटना। राजधानी पटना में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर अशांति फैलाने का खतरा है। इंटेलिजेंस से मिले इनपुट के बाद पटना में हाई अलर्ट कर दिया गया है। डीएम और एसएसपी ने संयुक्त आदेश में सुरक्षा को लेकर विशेष अलर्ट जारी किया है। झंडोत्तोलन कार्यक्रम के दौरान गांधी मैदान के अंदर से लेकर बाहर तक खुफियां निगरानी कराई जाएगी। चप्पे-चप्पे पर मजिस्ट्रेट, पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल को तैनात किया गया है। ताकि स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।
आयुक्त ने हर व्यक्ति पर पैनी नजर रखने को कहा
पटना के आयुक्त संजय कुमार अग्रवाल के अनुसार, ‘किसी भी दशा में अफवाह फैलाने वालों और अशांति पैदा करने वालों का मंसूबा सफल नहीं होगा’। आयुक्त ने तैनात सभी दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी को अपने दायित्व का शत-प्रतिशत पालन करने का निर्देश दिया है। साथ ही विशेष रूप से अफवाह फैलाने वाले, शांति भंग करने वाले व्यक्तियों पर पैनी नजर रखने को कहा है।
गांधी मैदान में दिखेंगी 8 झांकी
शनिवार को सभी झांकियों के निर्माण की तैयारी पूरी हो गई है। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर गांधी मैदान में 8 झांकियां दिखेंगी। झांकियों को क्रमानुसार पंक्तिबद्ध प्रदर्शित किया जाएगा। झांकियों को लेकर संबंधित विभाग की ओर से एक-एक नोडल अधिकारी बनाए गए हैं। प्रत्येक झांकी के साथ संबद्ध कलाकारों का भी पहचान पत्र जारी किया गया है। विभागों द्वारा प्रस्तुत की जाने वाली झांकी एवं उसका विषय-वस्तु बनाया गया है।
कोरोना को लेकर भी निर्देश
गांधी मैदान के भीतर व बाहर कोरोना संक्रमण को देखते हुए प्रवेश द्वार पर भीड़ नहीं लगने दी जाएगी। हर व्यक्ति पर पैनी नजर होगी। मजिस्ट्रेट और पुलिस पदाधिकारी को गेट पर कड़ाई से जांच करने के बाद ही एंट्री देने का निर्देश है। कोविड प्रोटोकॉल को लेकर भी अलर्ट किया गया है। इसके लिए ऐहतियाती एवं सुरक्षात्मक उपाय के तहत थर्मल स्कैनिंग, मास्क का प्रयोग, सैनिटाइजर का प्रयोग, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन को लेकर विशेष चेतावनी है। प्रवेश द्वार पर थर्मल स्क्रीनिंग व हैंड सैनिटाइजर की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है।
इन विभागों की होगी झांकी
– बाल विवाह और दहेज कुप्रथा के खिलाफ महिला विकास निगम समाज कल्याण विभाग की झांकी होगी।
– पढ़ेगी बेटी, बढ़ेगा बिहार पर बिहार शिक्षा परियोजना की झांकी होगी।
– टीका एक्सप्रेस पर राज्य स्वास्थ्य समिति की झांकी होगी।
– जल जीवन हरियाली पर ग्रामीण विकास विभाग की झांकी होगी।
– मद्य निषेध पर निबंधन उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग की झांकी तैयार की गई है।
– हर थाली में बिहारी तरकारी पर सहकारिता विभाग की झांकी तैयार हुई है।
– बिहार में खादी पर उद्योग विभाग की झांकी होगी।
– केशरिया स्तूप एवं लौरिया नंदनगढ़ पर पर्यटन निदेशालय की झांकी होगी।
झांकी में शामिल होगी टुकड़ी
सीआरपीएफ-1 कंपनी, आईटीबीपी-1 कंपनी, सीआईएसएफ-1 कंपनी, एसएसबी- 1 कंपनी, एसटीएफ-1 कंपनी, बीएमपी (पुरुष)-1 कंपनी, जिला सशस्त्र बल (पुरुष)-1 कंपनी, जिला सशस्त्र बल महिला- 1 कंपनी, बीएमपी (महिला)- 1 कंपनी, गृह रक्षा वाहिनी शहरी- 1 कंपनी, गृह रक्षा वाहिनी ग्रामीण-1 कंपनी, स्वान दस्ता- 1 यूनिट, फायर ब्रिगेड- 1 यूनिट।

You may have missed