मुजफ्फरपुर के पारू में पंचायत के दौरान चाचा ने की फायरिंग, भतीजे को लगी गोली, हालत गंभीर

मुजफ्फरपुर। जिले के पारू थाना क्षेत्र के फंदे गांव में पंचायत के दौरान नौ साल के बच्चे को गोली मार दी। उसे बैरिया स्थित निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

घायल आदित्य के परिजनों ने बताया कि गांव में प्रेम प्रसंग के एक मामले को लेकर विवाद चल रहा था। इसको सुलझाने के लिए रविवार को पंचायत बुलाई गयी थी।

जिस समय पंचायत हो रही थी उस समय आदित्य अपने दोस्तों के साथ खेल रहा था। इस दौरान आदित्य का चाचा मनोज पांडेय पहुंचा व उसने पिस्टल निकालकर फायरिंग की।

जिसमें से एक गोली उसके भतीजे आदित्य की कमर में लग गई। इससे वह गिर पड़ा। गोली चलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। तभी फायरिंग करने के बाद आरोपी चाचा मौके से फरार हो गया। उसके इस करतूत से गुस्साए परिजनों का कहना है कि आखिर उसने अपने भतीजे को गोली क्यों मारी?

जबकि ग्रामीणों का कहना है कि फायरिंग के दौरान गोली गलती से बच्चे को लगी है। इससे गांव के लोग भी दहशत में हैं। फिलहाल घटना का कारण क्या है इसका पता लगाने में पुलिस जुटी हुई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

You may have missed