September 21, 2026

PATNA : गोपालपुर थाना ने दीघा से चार लुटेरों को पकड़ा, लूटी गयी बाइक व मोबाइल बरामद

फुलवारी शरीफ। पटना में गोपालपुर पुलिस की लगातार नशे के सौदागरों और अपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के खिलाफ छापेमारी से गोपालपुर थाना क्षेत्र के अपराधियों में दहशत का माहौल कायम हो गया है। इस बीच 25 दिन पहले हुई बाइक सवार से लूटपाट के मामले में शामिल चार लूटेरों को लूट के समान के साथ पुलिस ने पटना के दीघा इलाके से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार बदमाश पटना के कई थानों में लूट की वारदात को अंजाम दे चुके हैं। पुलिस टीम उनसे पूछताछ कर जेल भेजने की कार्रवाई में जुटी है।
बता दें कि पिछले 16 मार्च की रात्रि में गोपालपुर डीह पुलिया के पास चार अज्ञात अपराधियों द्वारा परसा बाजार के ग्राम खपरैलचक निवासी संजीत कुमार से रात्रि 10:30 बजे होंडा शाइन मोटरसाइकिल, मोबाइल, पर्स व अन्य सभी सामान लूट लिया था। इस लूट की सूचना जब गोपालपुर थाना प्रभारी अभिषेक कुमार रंजन को हुई तब घटना की जांच में पुलिस जुट गई और 25 दिनों बाद इस घटना से संबंधित चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अपराधियों में मंटू कुमार, गोलू कुमार, अंकित कुमार, सुजीत कुमार है।
थाना प्रभारी अभिषेक कुमार रंजन से मिली जानकारी के अनुसार, यह सभी पटना के ही रहने वाले हैं। इनके पास से लूटा हुआ होंडा शाइन मोटरसाइकिल और मोबाइल बरामद हुआ है। थाना प्रभारी ने कहा, पकड़े गए चारों लड़कों का अपराधिक इतिहास रहा है। कुछ महीनों पहले दीघा थाना क्षेत्र में एक मछली व्यवसाई से पैसे लूटने में यह चारों जेल जा चुके हैं और हाल ही में जेल से छूट कर आये हैं। पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान में दीघा इलाके से चारों बदमाशों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त किया है ।
थाना प्रभारी ने अपराधियों को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर हमारे क्षेत्र में दारू बेचने या किसी के द्वारा दबंगई या लूटपाट करने वाले गुनाहगारों को छोड़ेंगे नहीं, जो भी अपराधी पाए जाने पर उन पर कानूनी कार्रवाई किया जाएगा।

You may have missed