September 3, 2026

पटना में बाइकर्स गैंग का तांडव : घर में घुसकर महिला के साथ छेड़खानी, पति और बेटे को चाकू मारकर किया घायल

पटना। राजधानी पटना में बाइकर्स गैंग का तांडव थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब ग्रामीण इलाकों में भी इनका आतंक देखने को मिल रहा है। ताजा मामला पटना के धनरुआ थाना क्षेत्र का है। जहां एक गांव में घुसकर बाइकर्स गैंग के बदमाशों ने महिला के साथ छेड़खानी की और जब महिला ने विरोध किया तो उसे बुरी तरह से पीटा। महिला का शोर सुनकर जब परिजन पहुंचे तो उन्हें चाकू मारकर जख्मी कर दिया और घटना को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश फरार हो गए। पीड़ित महिला ने इस मामले में छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार को महिला का युवकों के साथ विवाद हुआ था। कोसुत गांव की एक महिला के घर में मुन्ना सिंह, कुंदन सिंह, नेहाल सिंह, शेरा सिंह सहित छह लोग घुस आए और मारपीट की। मुन्ना और कुंदन सिंह ने महिला के साथ छेड़खानी की। बचाव करने के लिए आए महिला के पति और बेटे को भी आरोपियों ने चाकू मारकर जख्मी कर दिया। पीड़िता ने दूसरे के घर में घुस कर अपनी जान बचाई। वहीं बदमाश घर में रखे बैग से 25 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। सभी घायलों को गंभीर स्थिति में पीएमसीएच अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने बताया कि मामले के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

You may have missed