PATNA : बच्चेदानी के आपरेशन के लिए भर्ती महिला की मौत, आक्रोशितों ने किया प्रदर्शन
पटना। पटना सिटी के सुल्तानगंज के पॉली नर्सिंग होम में बच्चेदानी के आपरेशन के लिए भर्ती एक महिला की मौत हो गई। लेकिन मौत हो जाने के बावजूद डॉक्टरों ने उसे पटना मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया और इधर कर्मचारी के साथ फरार हो गए। परिजन महिला को लेकर पीएमसीएच पहुंचे तो वहां डॉक्टर उसे मृत घोषित कर दिया। उसके बाद आक्रोशित लोग वापस नर्सिंग होम आकर शव रखकर प्रदर्शन किया।
इस संबंध में परिजनों का कहना है कि मृतका ममता देवी (35 वर्ष) पति और तीन छोटे-छोटे बच्चों के साथ पटना में किराए का कमरा लेकर रहती थी। पति अरुण साह पटना में गोलगप्पा का ठेला लगाते हैं। वैसे मृतका मूल रूप से समस्तीपुर की रहने वाली थी। घर वालों ने बताया कि ममता देवी के पेट में संक्रमण हो गया था। पोली नर्सिंग होम में इलाज कराने पर बताया गया कि महिला की बच्चेदानी में संक्रमण हो गया है, इसे काटकर निकालना होगा। शुक्रवार की सुबह 8 बजे महिला को आपरेशन के लिए भर्ती करा दिया। आरोप है कि नर्सिंग होम में जैसे ही डॉक्टरों ने आपरेशन के पहले सूई दवाई करना शुरू किया। महिला की हालत अचानक बिगड़ गई। परिजनों का आरोप है कि सूई लगाते ही महिला के मुंह से झाग आ गया। इससे घबराए नर्सिंग होम के डाक्टरों ने बवाल टालने के लिए रेफर कर दिया। आरोप है कि वह महिला को लेकर पीएमसीएच पहुंचे तो डॉक्टरों ने बताया कि उसकी मौत हो चुकी है। इसके बाद वे लोग तत्काल वापस शव लेकर नर्सिंग होम आ गए। नर्सिंग होम पर न तो कोई डॉक्टर था और ना ही कर्मचारी, सभी वहां मौजूद मरीजों को छोड़ फरार हो चुके थे।


