PATNA : AUTO चालक ने 4 साल के मासूम को रौंदा, मौत; लोगों ने एसएच पर की आगजनी
फतुहा। रविवार को सुबह पटना के फतुहा प्रखंड अंतर्गत मकसुदपुर गांव के पास स्टेट हाइवे पर एक आटो ने चार वर्षीय मासूम को धक्का मार दिया। धक्का लगते ही मासूम सड़क पर गिर पड़ा और आटो चालक रौंदते हुए आटो लेकर भाग निकला। जख्मी बच्चे को तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने मकसुदपुर गांव के पास स्टेट हाइवे को लकड़ी रखकर व आगजनी कर जाम कर दिया। आक्रोशित लोग आटो को जब्त करने तथा उसके चालक को गिरफ्तार करने की मांग करने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तथा आक्रोशित लोगों को हरसंभव मदद करने का आश्वासन देकर शांत कराया। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने जाम को हटा लिया। मृत मासूम बच्चे की पहचान मकसुदपुर के गांधी टोला निवासी मंजय दास के चार वर्षीय पुत्र शुभम कुमार के रुप में हुई है।


घटना के संबंध में बताया जाता है कि मृत बच्चा अपनी छह वर्षीय बहन के साथ घर से सड़क पर बिस्कुट खरीदने गया था। बिस्कुट खरीदकर जैसे ही दोनों बच्चे दुकान से वापस होकर सड़क पर आए, वैसे ही खुसरुपुर कीतरफ जाती हुई एक आटो ने बच्चे को टक्कर मार दी। यह तो संयोग था कि बच्चे की बहन थोड़ी पीछे थी और बाल-बाल बच गई। पुलिस आटो व उसके चालक को पता लगाने में जुटी हुई है। मासूम बच्चे की मौत से जहां गांधी टोला में सन्नाटा पसरा हुआ है, वहीं बच्चे की मां और पिता का रो-रो कर बुरा हाल है।

