February 16, 2026

फतुहा में चोरों की चांदी : लॉजिस्टिक कंपनी के गोदाम से लाखों की रिफाइन, डालडा व अमूल दूध पाउडर की चोरी

फतुहा। पटना के फतुहा प्रखंड में चोरों की खूब चांदी कट रही है। बीते पुलिस भी चोरोें से परेशान नजर आ रही है। चोरी के एक वारदात को पुलिस सुलझा भी नहीं पा रही कि चोरी की दूसरी वारदात को अंजाम दे रहे हैं। बीते बुधवार की रात्रि सोनारु रोड स्थित एक लॉजिस्टिक कंपनी के गोदाम से चोरों ने शटर तोड़कर लाखों रुपये की रिफाइन तेल, डालडा व अमूल दूध का पाउडर चोरी कर ली है। घटनास्थल पर मिले वाहन के टायर के निशान से आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने इन सामानों को एक पिकअप वैन पर लोड कर ले भागे हैं।


इस संदर्भ में कंपनी के क्षेत्रीय प्रबंधक फुलवारी शरीफ के पुष्प विहार कॉलोनी निवासी पवन पारिख ने बताया कि सोनारु रोड में सीटीए लॉजिस्टिक कंपनी की पिछले पांच साल से गोदाम कार्यरत है। रेलवे यार्ड से सामान आने के बाद इसी गोदाम में रखा जाता है। फिर यहां से संबंधित व्यापारियों को आपूर्ति की जाती रही है। उनके अनुसार, चोरी होने की सूचना गुरुवार को सुबह फोन पर मिली। चोरों ने गोदाम से अमूल दूध पाउडर का चार कार्टून, रिफाइन तेल का 185 कार्टून तथा पाउच डालडा का तीस से अधिक पेटी चोरी कर ली है। इस चोरी की घटना से कंपनी को अनुमानित लागत करीब चार से पांच लाख रुपए की क्षति हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया है।
विदित हो कि छठ पर्व के आसपास सोनारु के ही फिटिन साव के दाल गोदाम से लाखों रुपये की चना दाल चोरों ने ताला काटकर चोरी कर ली थी। इस घटना में भी चोरों द्वारा पिकअप वैन से ही लोड कर ले भागे जाने की आशंका व्यक्त की गयी थी। इतना ही नहीं, बीते 9 दिसम्बर को गोविंदपुर बाइपास में चोरों ने एक ही रात में एक घर से दो मोबाइल फोन व दस हजार रुपये चोरी कर लिए थे तथा बगल के एक सब्जी दुकान से एक लाख चालीस हजार रुपये की आलू-प्याज के बोरे तथा प्लाईवुड के फैंसी दरवाजे चोरी कर ली थी। ठीक तीन दिन बाद यानी 12 दिसम्बर को गोविंदपुर के बाइपास रोड में ही चोरों ने प्रदीप पंडित के घर से 70 हजार रुपये की गहने व 30 हजार रुपये की बर्तन व कपड़े चोरी कर ली थी। इसी घर से सटे विनोद पंडित के घर से भी 97 हजार रुपए नकद चोरी कर चोर फरार हो गए थे। देखा जाए तो इस ठंड के मौसम में जहां ग्रामीण गहरे नींद में होते हैं, वहीं चोर उनके लाखों रुपए की सामान को उड़ा लिए जाने के लिए सक्रिय रहते हैं। पुलिस की माने तो चोरों की गिरोह का खुलासा जल्द ही कर दिया जाएगा।

You may have missed