‘रोटी भगवान है, जिसे पैदा करनेवाले किसान भगवान से भी ऊपर हैं’ : जीवेश मिश्रा
भाजपा की ओर से किसान सम्मेलन सह किसान सम्मान कार्यक्रम का आयोजन

पालीगंज। ‘रोटी भगवान है, जिसे पैदा करनेवाले किसान भगवान से भी ऊपर हैं।’ ये बातें गुरुवार को स्थानीय बाजार स्थित उच्च विद्यालय के सभागार में भाजपा की ओर से आयोजित किसान सम्मेलन सह किसान सम्मान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बिहार सरकार के खनन व पर्यटन मंत्री जीवेश मिश्रा ने कही। इससे पहले कार्यक्रम का शुभारंभ स्थानीय सांसद रामकृपाल यादव, बिहार सरकार के मंत्री जीवेश मिश्रा, भाजपा के जिला प्रभारी अचल सिन्हा, जिलाध्यक्ष आशुतोष कुमार व पूर्व विधायक रामजन्म शर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने दीनदयाल उपाध्याय के तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित किया। मौके पर चयनित किसानों व अतिथियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।

इस दौरान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद रामकृपाल यादव ने केंद्र की मौजूदा भाजपा सरकार के द्वारा किसानों के हित में किये गए कार्यो के बारे में बताया। वहीं बिहार सरकार के मंत्री जीवेश मिश्रा ने स्वामी सहजानन्द सरस्वती को याद करते हुए कहा कि ‘रोटी भगवान है तथा उसको पैदा करने वाले किसान भगवान से भी ऊपर हैं, उनकी सम्मान करना भगवान की सेवा से भी बढ़कर है।’ इसी नीति का अनुसरण कर केंद्र की मोदी सरकार किसानों की हित की बात सोच रही है, पर विपक्ष किसानों की हित की बात नहीं सोंचकर उन्हें गुमराह कर रही है।
मौके पर भाजपा के किसान मोर्चा जिला कोषाध्यक्ष संजय शर्मा, प्रदेश कार्य समिति सदस्य रविंद्र रंजन, राष्ट्रीय किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शिवेन्द्रधारी सिंह, विनोद शर्मा, अखिलेश कुमार, संदीप गुप्ता, नारायण शर्मा, पंकज शर्मा, अशोक वर्मा, महिला मोर्चा के कार्यसमिति सदस्य दिव्या गुंजन, रेणु शर्मा के अलावे अन्य लोग मौजूद थे।
गोपाल नारायण सार्वजनिक पुस्तकालय सह संग्रहालय, उलार्क सूर्य मंदिर व बिक्रम गांधी आश्रम जुड़ेगा पर्यटन स्थल से
पालीगंज उच्च विद्यालय के सभा कक्ष में आयोजित किसान सम्मेलन में उपस्थित बिहार सरकार के पर्यटन मंत्री जीवेश मिश्रा से गोपाल नारायण सार्वजनिक पुस्तकालय सह संग्रहालय, उलार्क सूर्य मंदिर व बिक्रम स्थित गांधी संग्रहालय को पर्यटन स्थल से जोड़ने की मांग पूर्व केंद्रीय मंत्री सह वर्तमान स्थानीय सांसद रामकृपाल यादव ने किया। जिस पर भरपूर आश्वासन देते हुए पर्यटन मंत्री ने इन धरोहरों को पर्यटन विभाग से जोड़ने की बात कही।

