BIHAR : दो साल में पूरा होगा 124 किमी लंबी मुंगेर-मिर्जाचौकी 4 लेन सड़क, पूर्वी बिहार के विकास का नया द्वार खोलेगी

पटना। मुंगेर से मिर्जाचौकी तक 124 किलोमीटर लंबी बनने वाली 4 लेन सड़क में आयी तमाम बाधाओं को दूर करने के साथ ही अगले दो वर्षों में इसे पूरा करने का निर्देश दिया गया है। इस सड़क के निर्माण पर लगभग 5850 करोड़ रुपए खर्च होंगे। परियोजना की निर्माण एजेंसी के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा निविदा प्रकाशित कर दी गयी है। उक्त बातें बिहार के पथ निर्माण मंत्री मंगल पांडेय ने बताया।
मंत्री श्री पांडेय ने बताया कि 4 पैकेज में बनने वाली इस सड़क की निविदा प्राप्ति की अंतिम तारीख 18 दिसंबर है। इस महात्वाकांक्षी परियोजना का फरवरी 2021 के अंत तक भौतिक रूप से कार्य प्रारंभ हो जायेगा। यह योजना न केवल पूर्वी बिहार के विकास का नया द्वार खोलेगी बल्कि बिहार-झारखंड के बीच सड़क कनेक्टिविटी को और भी मजबूत करेगी। इसके निर्माण के बाद पूर्व बिहार मुख्यालय भागलपुर क्षेत्र में आये दिन जाम की समस्या से लोगों को निजात मिलेगी।
श्री पांडेय ने बताया कि केंद्र एवं राज्य सरकार के समन्वित प्रयास से मुंगेर, भागलपुर मिर्जाचौकी 4 लेन ग्रीन फील्ड परियोजना की स्वीकृति मिली है। 124 किमी लंबी इस परियोजना के लिए 60 मीटर चौड़ाई में भू अर्जन किया जा रहा है। यह परियोजना मुंगेर एवं भागलपुर जिला क्षेत्रों से गुजरेगी, जिसमें कुल 128 राजस्व ग्रामों में 690 हेक्टेयर भूमि का भू अर्जन होना है। भूमि अधिग्रहण के मद में 1805 करोड़ की राशि की व्यवस्था की गयी है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा किसानों को क्षतिपूर्ति के भगुतान हेतु राशि उपलब्ध करा दी गयी है। मुंगेर एवं भागलपुर दोनों जिलों में किसानों को भुगतान शुरू किया जा रहा है। आशा है कि माह जनवरी 2021 के अंतिम तक समुचित मात्रा में भू अर्जन का कार्य पूर्ण करा दिया जायेगा। विभाग के अपर मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा प्रतिमाह इस परियोजना के भू अर्जन कार्य की समीक्षा दोनों जिलों के सक्षम अधिकारियों के साथ करते हैं।
उन्होंने बताया कि मुंगेर से सुल्तानगंज, भागलपुर, कहलगांव होते हुए मिर्जाचौकी सड़क बिहार-झारखंड बॉर्डर तक वर्तमान एनएच-80 सघन बसावट वाले क्षेत्रों से गुजरती है। इस एनएच की चौड़ाई कुछ जगह 5.5 मीटर एवं कुछ जगह 7 मीटर है। इस पथ से झारखंड के संथाल परगना क्षेत्र से बिहार के विभिन्न मार्गों में पत्थरों की आवाजाही होती है। इस कारण अत्यंत भारी लोडेड ट्रकों का संचालन होता है। फलस्वरूप भागलपुर क्षेत्र में आये दिन जाम की भीषण समस्या रहती है।
मंत्री ने आगे बताया कि इस पथ पर गंगा नदी पर मुंगेर घाट पुल सुल्तानगंज से अगुवानी घाट के बीच नया 4 लेन पुल विक्रमशिला सेतु और उसेक सामानांतर नया 4 लेन पुल के अलावा साहेबगंज से मनिहारी के बीच नये पुल के निर्माण की योजना विभिन्न चरणों में कार्यान्वित हो रही है। इस पुल का निर्माण कार्य पूर्ण हो जाने के उपरांत बिहार राज्य के पूर्वी हिस्सों के आवागमन को व्यापक सहुलियत मिलेगी, जिससे विकास की गतिविधि नई उंचाई पर पहुंचेगी।

About Post Author

You may have missed