लूट में लगी है संवेदनहीन नीतीश सरकार की पुलिस प्रशासन : जविपा
पटना/कोचस। जनतांत्रिक विकास पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल कुमार ने गुरूवार को कोचस में पेट्रोल पंप मालिक के घर जाकर उनसे मुलाकात की, जिनके बेटे राहुल कुमार कुशवाहा की हत्या अपराधियों ने कोचस एसबीआई के पास तीन दिन पहले कर दी थी। श्री कुमार ने मृतक के परिजनों से मिलकर अपनी शोक संवेदना व्यक्त की और घटना की निंदा करते हुए उन्होंने बिहार सरकार और पुलिस प्रशासन को संवेदनहीन बताया। साथ ही उन्होंने पुलिस प्रशासन पर लूट का आरोप भी लगाया। इस दौरान श्री कुमार उक्त स्थानीय दुकानदार दीपक कुमार के घर जाकर भी मिले, जिसे अपराधियों ने मृतक का बचाव करने के क्रम में गोली मारकर घायल कर दिया था।
श्री कुमार ने कहा कि इस दुखद घटना को तीन दिन बीत चुके हैं, मगर पुलिस प्रशासन अभी तक अपराधियों का सुराग लगा नहीं पाई है। उन्होंने कहा कि कोचस की इस घटना से यहां के व्यापारी वर्ग भयभीत हैं। ऐसे में हम सरकार और प्रशासन से मांग करते हैं कि वे इस घटना का जल्द से जल्द उद्भेदन करें और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करे।
मुलाकात के दौरान अनिल कुमार के साथ मृतक राहुल कुशवाहा के पिता रामाशंकर सिंह, चाचा रविन्द्र सिंह, कैमूर जिलाध्यक्ष सुनील पटेल, पैक्स अध्यक्ष रुद्रप्रताप सिंह, मनोज पटेल, राजू सिंह, नरेंद्र मोहन, धनंजय पटेल, गुप्तेश्वर पटेल, विनोद सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।


