फतुहा विधानसभा : वोट नहीं देने पर महिला समेत तीन को किया जख्मी, मतदान प्रक्रिया हुआ बाधित

फतुहा। मंगलवार को सोनारु के यदुवंश नगर में एक खास पार्टी को वोट नहीं देने के आरोप में तीन लोगों ने एक महिला, उसके पति व बेटे को मारपीट कर जख्मी कर दिया। जख्मी हालत में महिला अपने पति व बेटे के साथ थाने पहुंची तथा आरोपियों के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी। पुलिस ने तीनों जख्मी का इलाज पीएचसी में कराया है। महिला सुमित्रा देवी के अनुसार, सुबह 8.30 बजे के करीब जब वह वोट देकर घर लौट रही थी तभी तीन लोगों ने उसे घेर लिया तथा एनडीए के पक्ष में मतदान करने के आरोप में उसके साथ मारपीट करने लगे। जब महिला के बचाव में उसके पति कविन्दर महतो तथा बेटे सतीश कुमार आए तो तीनों आरोपियों ने बुरी तरह से मारपीट कर जख्मी कर दिया तथा गाली-गलौज किया। वहीं आरोपियों ने वोट के चलते हुए मारपीट के आरोप को निराधार बताया है। पुलिस की माने तो यह मारपीट बच्चों के विवाद का नतीजा है, जिसकी जांच की जा रही है।

कई मतदान केंद्र पर बिजली नहीं रहने से मतदान प्रक्रिया हुआ बाधित
फतुहा। फतुहा विधानसभा में दूसरे चरण के मतदान के शुरूआती दौर में कई मतदान केंद्र पर बिजली की व्यवस्था नहीं रहने पर मतदान प्रक्रिया बाधित रही। मोजीपुर स्थित मध्य विद्यालय के मतदान केन्द्र संख्या 235 पर मतदान कक्ष बिल्कुल अंधेरे में डूबा था तथा मतदाता अपने मत का प्रयोग करने के लिए पंक्तिबद्ध खड़े थे। इस मतदान केंद्र पर शुरूआती दौर में करीब आधे घंटे तक मतदान प्रकिया बाधित रही। ग्रामीणों के द्वारा जब इमरजेंसी लाइट की व्यवस्था की गई तो मतदान प्रकिया की शुरूआत की गई। वहीं हाईस्कूल स्थित मतदान केंद्र संख्या 253 व 254 पर भी बिजली की व्यवस्था नहीं रहने पर मतदान बाधित रहा। जब मतदान कर्मी के अनुरोध पर मतदान कक्ष में बिजली की व्यवस्था की गई तो मतदान शुरू हो गया।