PATNA : रेलवे कॉलोनियों में चोरी रोकने के लिए आरपीएफ और खगौल पुलिस का संयुक्त अभियान शुरू
खगौल। पटना के दानापुर रेल मंडल मुख्यालय स्थित खगौल थानान्तर्गत रेलवे कॉलोनियों में रात तो क्या अब दिन में भी चोरी होने लगी है। इस पर अंकुश लगाने के लिए दानापुर आरपीएफ और खगौल थाना की पुलिस गंभीरता से लेते हुए इस पर अब संयुक्त रूप से कार्य शुरू कर दिया है।
दानापुर पोस्ट के निरीक्षक प्रभारी शंकर अजय पटेल ने बताया कि इसके लिए रेलवे सुरक्षा बल के द्वारा रेलवे कॉलोनी के रेलवे क्वार्टर पर रेलवे सुरक्षा बल का नंबर और लोकल पुलिस का नंबर चिपकाया गया है। लोगों से अपील भी किया गया है कि रेलवे कॉलोनियों में अगर किसी भी संदिग्ध व्यक्तियों और अपराधिक गतिविधियों को अगर देखें तो तुरंत खगौल पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल के हेल्पलाइन नंबर पर फोन पर सूचना दें, पुलिस इस पर तुरंत संज्ञान लेगी।
वहीं दूसरी ओर सुरक्षा को ध्यान में रख कर पूर्व मध्य रेल मुख्यालय के निर्देश पर रेलवे कॉलोनियों में अवैध रूप से रह रहे लोगों को निकालने के लिए ऐसे लोगों का सर्वे भी कराया गया है। इस पर कार्रवाई शीघ्र शुरू की जायेगी। बताय जाता है कि अवैध रूप से रह रहे लोगों के कारण एक तो रेलवे कॉलोनियों में सुरक्षा प्रभावित हो रहा है। वहीं मुफ्त में पानी, बिजली आदि मूलभूत सुविधाओं पर हरेक साल लाखों का नुकसान रेलवे को उठाना पड़ रहा हैञ मालूम हो कि इससे पहले भी दानापुर रेल मुख्यालय स्थित रेलवे कॉलोनियों में चोरी, डकैती एवं अन्य बढ़ते अपराधिक घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पेट्रोलिंग रेलवे कॉलोनियों में होती थी।


