खबरें फतुहा की : ई रिक्शा चालक लापता, जालसाजों ने खाते से उड़ाए रुपये, ट्रैक्टर चोरी
ई रिक्शा चालक रिक्शा के साथ लापता
फतुहा। शुक्रवार को ई रिक्शा चालक के रिक्शा के साथ लापता हो जाने का मामला प्रकाश में आया है। इस संदर्भ में ई रिक्शा चालक के परिजनों के द्वारा नदी थाने में शिकायत दर्ज करायी गयी है। ई रिक्शा चालक समसपुर निवासी चनेश्वर पासवान का पुत्र नंदलाल कुमार है। बताया जाता है कि बीते बुधवार की रात स्टेशन रोड में किसी यात्री ने रिजर्व में सुकुलपुर गांव पहुंचाने को कहा था। उसी यात्री को लेकर वह सुकुलपुर की ओर ई रिक्शा लेकर गया था, लेकिन वह अब तक घर नहीं लौटा है। परिजनों ने अनहोनी की आशंका भी जताई है। नदी थाना पुलिस के अनुसार घटनास्थल फतुहा थाना के कार्य क्षेत्र में आता है। शिकायत पत्र को फतुहा थाना को जांच पड़ताल के लिए अग्रसारित किया जा रहा है।

जालसाजों ने खाते से उड़ाए दस हजार रुपये
फतुहा। शुक्रवार को जालसाजों द्वारा एक खाताधारक के खाते से दस हजार रुपये उड़ा लिए जाने का मामला प्रकाश में आया है। इस संदर्भ में पीड़ित नरैना गांव निवासी सिद्धेश्वर प्रसाद ने थाने में जालसाजों के विरुद्ध शिकायत दर्ज करायी है। पीड़ित सिद्धेश्वर प्रसाद की माने तो उनकी खाता डुमरी स्थित एसबीआई में है। तीन दिन पहले एक अज्ञात मोबाइल नंबर से फोन आया था। इसके बाद खाते से पैसे निकाल लिए जाने का मैसेज प्राप्त हुआ। पुलिस साइबर क्राइम के तहत मामले की छानबीन करने में जुटी है।
रेलवे यार्ड के पास से एक ट्रैक्टर की चोरी
फतुहा। गुरूवार की रात्रि रेलवे यार्ड के पास से एक ट्रैक्टर की चोरी हो जाने का मामला प्रकाश में आया है। इस संदर्भ मे पीड़ित ट्रैक्टर मालिक नोहटा निवासी लक्ष्मण प्रसाद ने थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ थाने मे शिकायत दर्ज करायी है। बताया जाता है कि ट्रैक्टर मालिक अपने ट्रैक्टर को रेलवे यार्ड से माल लोडिंग के लिए रेलवे यार्ड के पास बीते रात्रि खड़ी कर दी थी तथा खाना खाने चला गया। थोड़ी देर बाद जब वह वहां लौटा तो उनकी ट्रैक्टर वहां से गायब थी। पुलिस मामले की छानबीन करने में जुटी है।

