February 15, 2026

BIHAR : कोरोना से मंत्री कपिल देव कामत के निधन पर शोक संवेदनाओं का लगा तांता

पटना/फुलवारी। बिहार के सरकार के पंचायती राज मंत्री कपिल देव कामत का निधन हो गया है। मधुबनी के बाबूबरही से कपिल देव कामत विधायक थे। उनके निधन पर सीएम नीतीश कुमार, मंत्री श्रवण कुमार समेत अन्य नेताओं ने शोक जताया है।
कोरोना से संक्रमित थे कपिलदेव कामत
बिहार सरकार में मंत्री कपिलदेव कामत की स्थिति नाजुक बनी हुई थी। कोरोना संक्रमित होने के बाद उन्हें पटना एम्स में भर्ती कराया गया था। उन्हें पहले से ही किडनी की परेशानी थी। फिलहाल उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। ब्लड प्रेशर भी कम था। कामत की हालत पर डॉक्टर लगातार नजर बनाये हुए थे। लेकिन देर रात उनका निधन हो गया।
कपिलदेव कामत के निधन पर मंत्री श्रवण कुमार ने जताया शोक
संसदीय कार्य एवं ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री श्रवण कुमार ने राज्य के वरिष्ठ मंत्री कपिलदेव कामत के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। अपने शोक संवेदना में श्रवण कुमार ने कहा है कि वे वर्तमान में पंचायती राज विभाग में मंत्री का दायित्व संभाल रहे थे। उनके कार्यकाल के दौरान पंचायती राज व्यवस्था में कई महत्वपूर्ण कार्य हुए। उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर फैल गयी है तथा राज्य की राजनीति में एक रिक्तता उत्पन्न हो गयी है। हमने एक बड़े भाई तथा मार्गदर्शक को खो दिया है। उनके निधन से हम सभी काफी दु:खी एवं मर्माहत हैं। आत्मा की शांति हेतु ईश्वर से प्रार्थना करते हुए इस दु:ख की घड़ी में परिवार के सदस्यों को धैर्य धारण करने के लिए शक्ति प्रदान करने हेतु भगवान से कामना की।
अश्विनी चौबे ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की
केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री अश्विनी चौबे ने बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री कपिल देव कामत के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि वे एक कुशल प्रशासक और लोकप्रिय राजनेता थे। सरल, सहज व्यक्तित्व के व्यक्ति थे। सार्वजनिक जीवन में उनकी कमी खलेगी। केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अश्विनी चौबे ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति व परिजनों को धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की है।

You may have missed