मोदी सरकार का 125 करोड़ का विशेष पैकेज धरातल पर दिख ही नहीं रहा : कांग्रेस

पटना। बिहार कांग्रेस कमिटी ने गया में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा द्वारा दिये गये चुनावी भाषण एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के वर्चुअल रैली का संबोधन को फरेब कागजी दस्तावेज की संज्ञा दी है।
पार्टी प्रवक्ता डॉ. हरखू झा ने कहा है कि जेपी नड्डा ने जो 125 करोड़ के विशेष पैकेज का विवरण दिया है, वह बिहार में किसी जगह धरातल पर दिखायी नहीं दे रहा है। सारी योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन महज एक दिखावा है। ठीक उसी प्रकार मुख्यमंत्री ने जो 15 सालों का विकास का ब्यौरा जनता के सामने रखा है, वह भी मानने योग्य नहीं है।
डॉ. झा ने कहा है कि 15 साल में विकास के नाम पर जो भ्रष्टाचार हुआ है, जैसे सृजन घोटाला, जल-नल घोटाला, शौचालय घोटाला, मुजफ्फरपुर बालिका गृह कांड, राज्य में कानून व्यवस्था की दयनीय स्थिति, शिक्षा व स्वास्थ्य में भ्रष्टाचार से जुड़े मामले पर मुख्यमंत्री ने चुप्पी साध ली है। डॉ. झा ने आगे कहा है कि आगामी चुनाव में मतदाता वर्तमान सरकार की लेखा-जोखा पर विचार कर आगे का सरकार चुनती है न कि 15 साल के भूतकाल की बात पर। 6 साल से केन्द्र की मोदी सरकार और 15 साल से बिहार में नीतीश की सरकार विकास के नाम पर सिर्फ ठगने का ही काम किया है, जिसका हिसाब-किताब बिहार की बुद्धिमान मतदाता इस चुनाव में अपना स्पष्ट जनादेश इन दोनों गठबंधनों के खिलाफ देगी।