February 15, 2026

PATNA : जमीन नहीं किया पति के नाम तो ससुरालियों ने ले ली जान, मृत मां के बगल में रो रहा था बच्चा

फतुहा। पटना जिला के फतुहा प्रखंड अंतर्गत नदी थाना क्षेत्र के कच्ची दरगाह में एक युवक ने अपने 20 वर्षीय पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी तथा उसके एक साल के बच्चे को पत्नी के शव के साथ सुलाकर तथा कमरे में ताला लगाकर अपने परिजनों के साथ फरार हो गया। इतना ही नहीं, घर की चाभी पड़ोसी को दे दी। यह घटना बीते मंगलवार की देर रात की बतायी जाती है। लेकिन उक्त घटना का खुलासा तब हुई जब मृतका के ससुराल से थोड़ी दूर पर ही स्थित मायके से उसकी छोटी बहन मुस्कान सुबह-सुबह अपने एक साल के भांजे से मिलने उसके घर पहुंच गयी। घर में ताला बंद देख पड़ोसी से पूछा तो पड़ोसी ने उसे चाभी थमा दी। मृतका की बहन ने जैसे ही ताला खोल कर कमरे में प्रवेश किया वहां के दृश्य देखकर उसके पैरों तले जमीन ही खिसक गई। कमरे में देखा कि बच्चा रो रहा है और उसके बगल में उसकी बड़ी बहन पूजा देवी मृत अवस्था में पड़ी है। तत्काल उसने अपने पिता को घटना की सूचना दी। इसके बाद नदी थाना पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने अपने प्रारंभिक जांच में पाया कि मृतका के गले पर काले पट्टी का दाग उभरा हुआ था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पटना भेज दिया।


मृतका के पिता कच्ची दरगाह के आलमपुर निवासी दिनेश राय ने बताया कि पुत्री पूजा की शादी वर्ष 2018 में बाइपास थाना के मर्ची गांव निवासी विनोद राय के पुत्र विकास कुमार के साथ की थी। दोनों का एक वर्ष का बच्चा भी है। शादी के समय तय दान-दहेज के अनुसार कच्ची दरगाह में ही अपनी पुत्री पूजा के नाम एक कट्ठा जमीन भी दिया था। बच्चे के जन्म के बाद पूजा अपने पति व सास-ससुर के साथ कच्ची दरगाह में ही किराए के मकान में रह रही थी। लेकिन पति विकास कुमार पूजा को दिए जमीन को अपने नाम करवाने के लिए दबाव देने लगा। लेकिन पूजा बार-बार इंकार कर दे रही थी।
बताया जाता है कि दो दिन पहले पूजा व उसका पति बच्चे का बर्थ डे पार्टी भी आयोजित किया था, जिसमें पचास हजार रुपये से अधिक राशि खर्च की गयी थी। इसी राशि को पूरा कराने के लिए विकास पिछले दो दिन से पूजा को प्रताड़ित कर रहा था तथा जमीन लिखे जाने का दबाव बना रहा था। बीती रात्रि भी इसी बात को लेकर विकास कुमार अपने परिजनों के साथ मिलकर पूजा की गला दबाकर हत्या कर दी तथा मौके से फरार हो गया। इस संदर्भ में मृतका की मां पूनम देवी ने अपने दामाद तथा उसके मां-बाप के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है। नदी थाना प्रभारी सकेंन्द्र कुमार ने बताया कि मामला दहेज उत्पीड़न में हत्या की है तथा आरोपियों के गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

You may have missed