सुशील मोदी ने पूछा, कांग्रेस-वामदल को क्या हत्या का आरोपी सीएम फेस मंजूर है
पटना। बिहार के उपमुख्यमंत्री व भाजपा नेता सुशील कुमार मोदी ने कहा है कि परिवारवादी राजद ने बिना सहयोगी दलों की राय लिए और दलितों-पिछड़ों की दो पार्टियों को अपमानित कर जिस व्यक्ति को सीएम फेस बनाने की जिद पूरी की, उस राजकुमार के चेहरे पर पूर्णिया के युवा दलित नेता की हत्या का आरोप लगा। सुशील मोदी ने कांग्रेस और वामदल से पूछा कि वह बताए कि क्या चुनाव लड़ने का टिकट देने के बदले 50 लाख मांगने और हत्या कराने का आरोपी सीएम फेस महागठबंधन को मंजूर है।
सोमवार को ट्वीट कर मोदी ने कहा कि हाथरस की दुखद घटना के बाद जातीय हिंसा भड़काने और दुनिया में भारत की छवि खराब करने की बड़ी साजिश में शामिल राहुल गांधी बतायें कि पूर्णिया की घटना पर वे चुप क्यों हैं। क्या लाश पर राजनीति करने वाले जीव तभी जमा होंगे, जब घटनास्थल, मरने वाले का जाति-धर्म-लिंग और हत्यारों का जाति-धर्म-सबकुछ उनकी पॉलिटिकल स्क्रिप्ट के अनुकूल होगा। सामाजिक न्याय का ढोंग करने वालों ने अपने उम्मीदवारों की सूची जारी करने से पहले पूर्णिया में सामाजिक न्याय की बलि चढ़ायी। यह चुनाव पूर्व हिंसा राजद को भारी पड़ेगी।
बता दें कि पूर्णिया में राजद एससी-एसटी प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश सचिव शक्ति मल्लिक की हत्या के मामले में मृतक के पिता और पत्नी ने राजद नेता तेजस्वी यादव, पूर्व मंत्री तेजप्रताप यादव समेत पांच ज्ञात और तीन अज्ञात को नामजद करते हुए प्राथिमकी दर्ज कराई है।


