February 15, 2026

RJD ने कार्यकर्ताओं के साथ छल कर सिर्फ पूंजीपतियों को दिया टिकट : जितेन्द्र यादव

तेजस्वी के खिलाफ राघोपुर से चुनावी मैदान में उतरेंगे जितेन्द्र यादव


पटना। बख्तियारपुर विधानसभा से पूर्व प्रत्याशी सह पूर्व राजद नेता जितेन्द्र कुमार यादव ने राजद सुप्रीमो लालू यादव और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। जितेन्द्र यादव ने पटना के एक होटल में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि राजद ने हमेशा अपने निष्ठावान कार्यकर्ताओं को ठगने का काम किया है। पैसे लेकर सिर्फ पूंजीपतियों को टिकट देकर राजद ने यह साबित कर दिया है कि इस पार्टी में समर्पित कार्यकर्त्ताओं की कोई जगह नहीं है। इसका प्रमुख कारण निष्ठावान कार्यकर्त्ताओं को लगातार छला जाना है।
श्री यादव ने आरोप लगाते हुए कहा कि वर्ष 2000 से ही मैं राजद के लिए एक समर्पित कार्यकर्ता के रूप में जुड़ा हुआ था। 2015 के विधानसभा में मुझे राजद द्वारा टिकट देने का भरोसा दिलाया गया पर अंत समय में अन्य पूंजीपतियों को पैसे लेकर टिकट दे दिया गया। इस पार्टी में हमेशा से दूसरे दलों से आये हुए पूंजीपतियों को अधिक महत्व दिया जाता है तथा लंबे समय से कार्य कर रहे कार्यकर्त्ताओं को हमेशा चुनाव के वक्त छला जाता है। दलितों और पिछड़ों को साल भर काम कराने के बाद उनको राजद में ना ही कोई महत्वपूर्ण स्थान मिलता है और ना ही जनता का प्रतिनिधित्व करने वाली कोई जिम्मेवारी।
उन्होंने कहा कि मैंने यह निर्णय लिया है कि आने वाले समय में राघोपुर की जनता के हक के लिए मैं राजद तथा तेजस्वी यादव के खिलाफ चुनाव लड़ने जा रहा हूं। उन्होंने कहा कि कल ही तेजस्वी यादव के खिलाफ आवाज उठाने का परिणाम एक महादलित के बेटे को भुगतना पड़ा, ठीक वैसी ही स्थितियों का सामना मुझे भी करना पर सकता है।

You may have missed