रामविलास पासवान से बड़े मौसम वैज्ञानिक निकले चिराग पासवान,कांग्रेस प्रवक्ता राजेश राठौड़ ने कहा
पटना।लोजपा के द्वारा बिहार विधानसभा चुनाव में राजग छोड़ देने के मसले पर कांग्रेस ने सीएम नीतीश कुमार पर निशाना साधा है।कांग्रेस प्रवक्ता राजेश राठौड़ ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान भली भांति जानते हैं कि इस चुनाव में नीतीश कुमार की हार सुनिश्चित है।इसलिए समय पर उन्होंने राजग छोड़ने का सही निर्णय लिया है।चिराग पासवान के फैसले पर टिप्पणी करते हुए कांग्रेस प्रवक्ता राजेश राठौड़ ने कहा है कि चिराग पासवान अपने पिता रामविलास पासवान से भी बड़े मौसम वैज्ञानिक निकले।उन्होंने कहा कि चिराग पासवान अच्छी तरह से जान रहे हैं कि बिहार की जनता को नीतीश कुमार का चेहरा बिल्कुल पसंद नहीं है। इसलिए नीतीश कुमार के चेहरे पर चुनाव लड़ने के बजाय चिराग पासवान ने उनके चेहरे के खिलाफ जदयू उम्मीदवारों के विरुद्ध प्रत्याशी देने का निर्णय लिया है।कांग्रेस प्रवक्ता राजेश राठौड़ ने कहा कि जब राजग के एक घटक दल लोजपा को ही नीतीश कुमार का चेहरा,उनकी सात निश्चय योजना तथा उनके अब तक किए गए तथाकथित विकास के कार्य पसंद नहीं है।तो फिर भला बिहार के आम जनता को क्यों होगा।कांग्रेस प्रवक्ता राजेश राठौड़ ने सीएम नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा है कि इस चुनाव में लोजपा प्रमुख चिराग पासवान की भांति बिहार की आम जनता भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के असली चेहरे को देख चुकी है।आज जिस प्रकार चिराग पासवान ने नीतीश कुमार का परित्याग किया है।इस चुनाव में उसी प्रकार बिहार के जनता भी नीतीश कुमार तथा उनकी पार्टी जदयू का पूरी तरह से परित्याग कर देगी।


