बिहार चुनाव: शहीद जगदेव सेना के 16 सदस्य जदयू में शामिल, पीडीए में शामिल हुई अंसारी महापंचायत

पटना। बिहार सरकार में जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा ने गुरुवार को शहीद जगदेव सेना के 16 सदस्यों को जदयू की सदस्यता दिलाई। इस दौरान संजय कुमार झा ने कृषि बिल को किसानों का हितैषी बताते हुए कहा कि नया कानून किसानों को लाभ दिलाएगा। बिल पर उन्होंने कहा कि इसका कुछ भाग बिहार में पहले ही लागू किया जा चुका है। एनडीए को फिर से मौका मिलता है तो हर खेत तक पानी पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि बोधगया, गया और नवादा में पीने के पानी की किल्लत रहती है। यहां हमलोग गंगा नदी के पानी की व्यवस्था कराएंगे। इसके अलावा हमलोग विष्णुपद मंदिर के पास फल्गु नदी में गंगा के पानी को पहुंचाने की कोशिश में लगे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि 15 साल में 33164 करोड़ रुपया सिंचाई पर खर्च हुआ है। मौका मिला तो हर खेत में पानी पहुंचाने की योजना है। इसके लिए सर्वे का काम शुरू हो गया है। दुर्गावती पश्चिमी, कोसी नहर, विष्णु पद नदी पर भी काम शुरू हो गया है। उन्होंने बताया कि जल जीवन हरियाली में पोखरा मेजर रिआॅस्ट्रेस्टन वर्क शुरू हो गया है। कृषि के लिए बिजली का अलग फीडर देने का लक्ष्य है। पर्यावरण और जलवायु के अनुसार खेती को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
अब बिहार और बिहारी का राज चलेगा : पप्पू
वहीं पटना के एक होटल में आयोजित मिलन समारोह में पप्पू यादव ने एनडीए और महागठबंधन पर निशाना साधा। कहा कि मैं बिहार से डर और भय की राजनीति को खत्म करूंगा। दावा किया कि अगर बीजेपी से कोई लड़ सकता है तो वह पीडीए ही है। इससे पहले अंसारी महापंचायत के संयोजक वसीम नैयर अंसारी और खुर्शीद आलम अंसारी संगठन के सदस्यों के साथ जन अधिकार पार्टी (लो) में शामिल हो गए। पप्पू यादव ने कहा कि अब बिहार और बिहारी का राज चलेगा। कांग्रेस और उपेंद्र कुशवाहा को फिर पीडीए में शामिल होने का न्यौता दिया। इस अवसर पर एजाज अहमद, राघवेन्द्र सिंह कुशवाहा, राजेश रंजन पप्पू, अवधेश लालू, टिक्का खान उपस्थित थे।

You may have missed