सीट शेयरिंग पर बोले शिवानंद : उपेंद्र कुशवाहा के पास कहीं जाने के लिए जगह नहीं
पटना। राजद के वरिष्ठ नेता शिवानंद तिवारी ने शनिवार को महागठबंधन में सीट शेयरिंग को लेकर चल रही खींचतान पर उपेंद्र कुशवाहा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि रालोसपा के नेता उपेंद्र कुशवाहा एनडीए छोड़कर महागठबंधन में आए हैं। मन मुताबिक सीट न मिलने पर अब वह महागठबंधन से अलग होने की बात कर रहे हैं। लेकिन उपेंद्र कुशवाहा कहीं नहीं जाने वाले। उनके पास जाने के लिए जगह ही कहां है। चार पैर वाले को बांधकर रखा जा सकता है, दो पैर वाले को कोई कैसे रोककर रख सकता है।
शिवानंद तिवारी ने कहा, ‘कोई पार्टी सिद्धांत की राजनीति नहीं कर रही है। चुनाव की तारीखों की घोषणा हो गई है। अब जल्द से जल्द टिकट का बंटवारा भी हो जाना चाहिए। महागठबंधन में टिकट बंटवारे में जो देर हो रही है मैं उसका समर्थन नहीं करता। मगर बिहार की राजनीति में सब कुछ आसान नहीं होता। विवाद महागठबंधन और एनडीए दोनों जगह दिख रहा है।’
शिवानंद ने पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी को मिले जेड प्लस सिक्योरिटी पर सवाल उठाते हुए कहा, ‘मांझीजी को किससे खतरा है। मुख्यमंत्री ने उन्हें इतनी अधिक सुरक्षा क्यों दी है? नेता सुरक्षा का इस्तेमाल सिर्फ अपने वीआईपी स्टेटस को बढ़ाने के लिए कर रहे हैं। वीआईपी सुरक्षा स्टेटस सिंबल बन गई है।’


